उद्धव ठाकरे को लेकर FB पर पोस्ट करना पड़ा महंगा, शिवसैनिकों ने की पिटाई, कराया मुंडन
Recommended Video
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को लेकर फेसबुक पर अपमानजनक पोस्ट करना मुंबई के वडाला के रहने वाले हीरामणि तिवारी को महंगा पड़ा। उद्धव ठाकरे को लेकर उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट किया, जिसके बाद शिवसैनिकों ने उनकी न केवल जमकर पिटाई कर दी बल्कि उनके बाल तक मुंडवा दिए।

एएनआई के मुताबिक रविवार को शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने उनकी जमकर पिटाई कर दी और जबरन बाल मुंडवा दिए। हीरामणि ने कहा कि उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून पर जामिया मिलिया इस्लामिया में हो रहे विरोध प्रदर्शन को लेकर 19 दिसंबर को अपने फेसबुक पेज पर एक पोस्ट लिखा था। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा कि उद्धव ठाकरे का जामिया मिल्लिया इस्लामिया की घटना को जालियावाला बाग से जोड़ना गलत था।
उनके इस पोस्ट को लेकर शिवसैनिकों ने उनपर हमला कर दिया। 25-30 शिवसैनिक उनके घर में घुस आए और उनके साथ मारपीट की और जबरन मुंडन करा दिया। हीरामणि ने कहा कि मैंने इसकी शिकायत पुलिस में की, लेकिन पुलिसवाले मुझपर समझौता करने का दवाब बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करता हूं। आपको बता दें कि 17 दिसंबर को दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया में छात्रों के प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई पर उद्धव ठाकरे कहा कि जामिया कैंपस में पुलिस जिस प्रकार से दाखिल हुई और छात्रों को पीटा गया, वह मंजर जलियांवाला बाग की तरह था।












Click it and Unblock the Notifications