दो बच्चों वाले परिवार को टैक्स में छूट सहित मिलें खास सुविधाएं, शिवसेना सांसद ने राज्यसभा में पेश किया बिल
नई दिल्ली। देश में बढ़ती जनसंख्या और इसको लेकर बहस के बीच शिवसेना के राज्यसभा सांसद अनिल देसाई ने एक प्राइवेट बिल पेश किया है। इस बिल में संविधान संशोधन करने की बात की गई है और साथ ही दो बच्चों वाले परिवारों को सहूलियतें देने की अपील भी की गई है। शिवसेना सांसद का कहना है कि ऐसा करने से दो बच्चों वाली नीति को बढ़ावा मिलेगा।

शिवसेना सांसद ने पेश किया राज्यसभा में प्राइवेट बिल
संसद के बजट सत्र के दौरान शिवसेना सांसद के इस बिल पर चर्चा होगी। दरअसल, कई राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने बढ़ती जनसंख्या पर चिंता जाहिर की है और जनसंख्या नियंत्रण को लेकर सख्त फैसले लेने की अपील की है। हालांकि, सरकार की तरफ से इस मुद्दे पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। वहीं, काफी समय से जनसंख्या नियंत्रण कानून लाने की मांग भी उठती रही है।

पहले भी होती रही है बढ़ती जनसंख्या पर बहस
बता दें कि कोई भी सांसद सदन में अपनी तरफ से एक प्राइवेट बिल पेश कर सकता है, ये बिल शुक्रवार को पेश किया जाता है। बजट सत्र का दूसरा हिस्सा शुरू होने पर इस बिल पर चर्चा होगी। बजट सत्र के पहले हिस्से के आखिरी दिन अनिल देसाई ने ये बिल पेश किया था। इस तरह के प्रस्ताव पहले भी आते रहे हैं लेकिन इसे मुस्लिम विरोधी बताकर विरोध भी होते रहे हैं। इस बिल के बारे में अनिल देसाई ने एक अंग्रेजी अखबार को बताया है कि उन्होंने इसको लेकर शिवसेना प्रमुख और महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे से बात की है।

दो बच्चों तक सीमित रखने वाले नागरिको को मिले छूट, बिल में मांग
अनिल देसाई ने राज्यसभा में बिल करते हुए संविधान में कुछ संशोधन की मांग की है। इसमें संविधान के अनुच्छेद 47 में बदलाव की बात कही गई है। बिल में कहा गया है कि बढ़ती जनसंख्या को नियंत्रित करने के लिए परिवार को दो बच्चों तक सीमित रखने वाले नागरिको को टैक्स में छूट, कारोबार, शिक्षा में प्रोत्साहन जैसे नियम बनाए जाएं। इसमें कहा गया है कि मानदंडों का पालन ना करने वालों को इसका लाभ नहीं मिलेगा। हालांकि, अभी महाराष्ट्र सरकार में शिवसेना के साथी कांग्रेस और एनसीपी की तरफ से इस बिल पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।












Click it and Unblock the Notifications