चुनाव आयोग पर हमले के बीच ये क्या बोल गए शिवसेना के संजय राउत
सपा, बसपा और रालोद के बाद अब महाराष्ट्र में भाजपा की सहयोगी शिवसेना ने चुनाव आयोग पर बड़ा हमला बोला है।
Recommended Video

नई दिल्ली। देश में अलग-अलग राज्यों की 4 लोकसभा और 10 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में ईवीएम और वीवीपीएटी में गड़बड़ी की शिकायत को लेकर चुनाव आयोग विपक्षी दलों के निशाने पर है। सपा, बसपा और रालोद के बाद अब महाराष्ट्र में भाजपा की सहयोगी शिवसेना ने चुनाव आयोग पर बड़ा हमला बोला है। बुधवार को शिवसेना सांसद संजय राउत ने पालघर उपचुनाव को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर हमला बोलते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी की।

क्या कहा संजय राउत ने?
शिवसेना सांसद संजय राउत ने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'पालघर लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में हमारे लोगों ने भाजपा कार्यकर्ताओं को रंगे हाथ पैसे बांटते हुए पकड़ा। हम लोगों ने इसकी शिकायत भी की, लेकिन चुनाव आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की। अगर इसी तरह की निष्क्रियता चुनाव आयोग ने पूरे देश में दिखाई है, तो इसका मतलब है कि चुनाव आयोग एक राजनीतिक दल की तवायफ के तौर पर काम कर रहा है।'

'सिर्फ एक बार बैलेट पेपर से चुनाव लड़े भाजपा'
महाराष्ट्र की भाजपा सरकार के गठबंधन में रहने के बावजूद शिवसेना चुनाव आयोग और भाजपा पर पहले भी हमला बोल चुकी है। बीते दिनों शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने केंद्र की मोदी सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा था, 'सिर्फ एक बार, मैं चाहता हूं कि भारतीय जनता पार्टी ईवीएम से नहीं, बल्कि बैलेट पेपर से चुनाव लड़े। इससे सारी अफवाहें दूर हो जाएंगी।'

भाजपा ने किया विश्वासघात: शिवसेना
आपको बता दें कि शिवसेना ने पालघर लोकसभा उपचुनाव में अपना उम्मीदवार खड़ा किया था। शिवसेना ने इस चुनाव में भाजपा के दिवंगत सांसद चिंतामन वनगा के बेटे को टिकट दिया था। इसके बाद भाजपा और शिवसेना आमने-सामने आ गए। शिवसेना का कहना था कि भाजपा ने अपने दिवंगत सांसद चिंतामन वनगा के परिवार से मुंह मोड़ लिया और कांग्रेस से आए व्यक्ति को उपचुनाव के लिए अपना प्रत्याशी बनाया। शिवसेना ने कहा कि भाजपा ने विश्वासघात किया है।












Click it and Unblock the Notifications