'जिंदा है शीना बोरा'? इंद्राणी मुखर्जी के दावे पर कोर्ट ने सीबीआई से मांगा जवाब
नई दिल्ली, 24 जनवरी: शीना बोरा हत्याकांड की गुत्थी सुलझने का नाम नहीं ले रही है। अब आरोपी इंद्राणी मुखर्जी के वकील ने विशेष सीबीआई अदालत के सामने एक याचिका दायर की है। जिसमें उन्होंने दावा किया कि शीना बोरा जिंदा है और उसने आशा कोरके नाम की महिला से कश्मीर में मुलाकात की थी। फिलहाल कोर्ट ने ये याचिका स्वीकार कर ली है। साथ ही सीबीआई को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। इस मामले में अगली सुनवाई 4 फरवरी को होगी।

दरअसल 16 दिसंबर को इंद्राणी मुखर्जी ने दावा किया था कि उनकी बेटी शीना बोरा जिंदा है, जिसे जम्मू-कश्मीर में देखा गया। इसके बाद उन्होंने सीबीआई को एक पत्र लिखा, जिसमें जांच एजेंसी को केंद्र शासित प्रदेश में शीना की तलाश करने का निवेदन किया गया था। अब इंद्राणी मुखर्जी के वकील सना रईस खान ने दावा किया है कि एक महिला कैदी 24 जून 2021 को श्रीनगर की डल झील के पास शीना बोरा से मिली थी। इंद्राणी ने जो पत्र लिखा था उसको अदालत के सामने पेश किया जाएगा। वकील ने ये भी पुष्टि की कि महिला कैदी सीबीआई को इस संबंध में बयान देने को तैयार है।
2012 में हुई थी शीना की हत्या
24 साल की शीना बोरा की हत्या 24 अप्रैल 2012 को हुई थी। शीना का कंकाल 25 अप्रैल 2015 को पेन खोपली से बरामद किया गया। इस हत्याकांड का खुलासा तब हुआ जब इंद्राणी मुखर्जी के ड्राइवर श्यामवर राय को पकड़ा गया था। इस हत्या का आरोप इंद्राणी मुखर्जी और उनके पूर्व पति संजीव खन्ना पर लगा है।












Click it and Unblock the Notifications