आखिर कौन से सवाल पर शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा- खामोश, फिर चलते बने
नई दिल्ली। आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी के साथ चुनाव से पहले एक बार फिर से राम मंदिर मुद्दे की गूंज सुनाई दे रही है। बीजेपी समेत अलग-अलग पार्टियों की ओर से लगातार इस मुद्दे पर टिप्पणी कर रहे हैं। हालांकि राम मंदिर मुद्दे पर जारी बयानबाजी के बीच बीजेपी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा से भी इसको लेकर सवाल किया गया। हालांकि उन्होंने इसका जवाब नहीं देकर बस इतना ही कहा- खामोश, और फिर आगे बढ़ गए।

राम मंदिर को लेकर सवाल पर 'शॉटगन' बोले- खामोश
पूरा मामला कोलकाता में सामने आया जहां शत्रुघ्न सिन्हा कोलकाता में ममता बनर्जी की रैली में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। यहीं पर पत्रकारों ने भारतीय जनता पार्टी के नेता और सांसद शत्रुघ्न सिन्हा से राम मंदिर मुद्दे पर सवाल किया तो उन्होंने इस पर सीधे तौर से कुछ नहीं कहा। उन्होंने अयोध्या विवाद पर बस इतना ही कहा- खामोश। इतना कहने के बाद बीजेपी नेता आगे बढ़ गए।

ममता के पीएम बनने के सवाल पर क्या बोले शत्रुघ्न सिन्हा
इससे पहले शत्रुघ्न सिन्हा से एक और सवाल किया गया था कि क्या अगले प्रधानमंत्री के रूप में ममता बनर्जी को मौका मिल सकता है? इस सवाल पर भी शत्रुघ्न सिन्हा ने सेफ गेम खेलते हुए बस इतना ही कहा था कि वह एक राष्ट्रीय नेता हैं। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री बनाने का फैसला चुनाव के बाद संख्या बल से होता है, तय लोग और नेता करते हैं। ममता बनर्जी केवल एक क्षेत्रीय नेता नहीं हैं बल्कि राष्ट्रीय नेता हैं।

ममता बनर्जी की विपक्षी दलों की महारैली में शामिल हुए शत्रुघ्न सिन्हा
शत्रुघ्न सिन्हा, कोलकाता में टीएमसी अध्यक्ष ममता बनर्जी मेगा रैली में शामिल होने के लिए पहुंचे। विपक्षी महागठबंधन को पेश करने के लिए ममता बनर्जी की ये रैली कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में हो रही है, जिसमें देशभर की करीब 22 पार्टियों के दिग्गज नेता शिरकत कर रहे हैं। शत्रुघ्न सिन्हा बीजेपी सांसद हैं, हालांकि वो पिछले काफी समय से लगातार पार्टी से नाराज चल रहे हैं। उनके टीएमसी की रैली में शामिल होने के पीछे भी ये वजह अहम मानी जा रही है।
ममता की रैली में शत्रुघ्न के जाने पर बीजेपी नाराज
दूसरी ओर शत्रुघ्न सिन्हा के रैली में शामिल होने पर बीजेपी नेता राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि कुछ लोग बीजेपी का स्टांप लेकर सांसद को मिलने वाली सुविधाओं का लाभ लेना चाहते हैं। राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि अपने स्वार्थ के लिए इतने लोग मंच पर एकजुट हुए हैं और इनका उद्देश्य सिर्फ मोदी सरकार को हटाना है।












Click it and Unblock the Notifications