शशि थरूर लड़ेंगे कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव, सोनिया गांधी से मिली हरी झंडी
नई दिल्ली, 19 सितंबर। वरिष्ठ कांग्रेस नेता शशि थरूर कांग्रेस के अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने जा रहे हैं। जी हां, आज सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद शशि थरूर को चुनाव लड़ने के लिए हरी झंडी मिल गई है। दरअसल आज ही सोशल मीडिया पर शशि थरूर ने एक पोस्ट किया था, जिसमे कांग्रेस पार्टी के भीतर सुधार की वकालत की गई थी, जिसके बाद शशि थरूर ने सोनिया गांधी से आज मुलाकात की। रिपोर्ट के अनुसार सोनिया गांधी ने शशि थरूर को कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के लिए अपनी मंजूरी दे दी है। सूत्रों की मानें तो सोनिया गांधी ने शशि थरूर चाहें तो चुनाव लड़ सकते हैं, जो भी चुनाव लड़ना चाहता है वह लड़ सकता है।
Recommended Video

रिपोर्ट के अनुसार शशि थरूर से मिलने के तुरंत बाद ही सोनिया गांधी ने उन्हें हरी झंडी दे दी। बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव अगले महीने होगा। तीन दिन के बाद इस पद के लिए नामांकन शुरू होगा। राहुल गांधी ने 2019 में कांग्रेस की हार के बाद पार्टी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था और कहा था कि वह कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे। लेकिन भारत जोड़ो यात्रा में शामिल कई कांग्रेस नेताओं ने अपील की है कि राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ें।
इससे पहले शशि थरूर ने इस बात का इशारा किया था कि अगले महीने होने वाले चुनाव में वह हिस्सा ले सकते हैं। शशि थरूर उस 28 नेताओं के गुट का हिस्सा हैं जिन्होंने कांग्रेस पार्टी में बदलाव की बात कही थी। पिछले हफ्ते वह उन नेताओं में शामिल थे, जिन्होंने पार्टी के भीतर पारदर्शिता की वकालत की थी। उन्होंने उस गुट का भी साथ दिया था जिसने कहा था कि चुनाव में कौन मतदान करेगा उसकी लिस्ट भी सार्वजनिक होनी चाहिए। गौर करने वाली बात है कि कांग्रेस पार्टी को पिछले कुछ समय में कपिल सिब्बल, अमरिंदर सिंह, जितिन प्रसाद, गुलाम नबी आजाद, जैसे नेताओं ने हाल ही में अलविदा कहा है।












Click it and Unblock the Notifications