कांग्रेस से खटास के बीच क्या BJP में जाने के खोज रहे रास्ते? शशि थरूर ने फिर की केंद्र की तारीफ, फोटो वायरल
Shashi Tharoor News: कांग्रेस के दिग्गज नेता और पार्टी के सांसद शशि थरूर इन दिनों उखड़े हुए हैं।केरल कांग्रेस में नेतृत्व संकट पर दिए उनके बयान ने राजनीति में बड़ी हलचल पैदा कर दी है। इस बीच केरल के तिरुवनंतपुरम से चार बार के सांसद शशि थरूर ने एक बार फिर मोदी सरकार की तारीफ कर कांग्रेस के साथ अपने संबधों में खटास को चर्चा में ला दिया है।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर (Shashi Tharoor) ने ब्रिटेन के साथ व्यापार समझौते को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की फिर से तारीफ की है। इसी के साथ उनकी केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के साथ सेल्फी भी वायरल हो गई है।

Shashi Tharoor: कांग्रेस से रिश्तों में खटास, मोदी सरकार के आ रहे करीब!
ऐसे में तारीफ और सेल्फी जैसी इन दोनों चीजों के बाद एक बार फिर पार्टी के साथ उनके रिश्तों में खटास को सुर्खियों में ला दिया और उनके भविष्य को लेकर नई चर्चा को हवा मिल गई है। दरअसल, शशि थरूर (Shashi Tharoor) ने एक पोस्ट साझा किया, जिसमें वो मुस्कुराते हुए केंद्रीय मंत्री गोयल के बगल में खड़े दिखाई दे रहे हैं।
खुद Shashi Tharoor ने पोस्ट की फोटो, तारीफ में जानें क्या कहा?
ये वो ही पीयूष गोयल ने जिन्होंने कुछ साल पहले कहा था कि वह कांग्रेस के दिग्गज नेता के 'विदेशी लहजे' को नहीं समझते हैं। अब उसी मंत्री के साथ थरूर ने फोटो शेयर करते हुए एक्स पोस्ट में किया, "ब्रिटेन के व्यापार और व्यापार सचिव जोनाथन रेनॉल्ड्स के साथ उनके भारतीय समकक्ष वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की मौजूदगी में बातचीत करना अच्छा लगा। लंबे समय से अटकी एफटीए वार्ता फिर से शुरू हो गई है, जिसका स्वागत है।"
पूर्व संयुक्त राष्ट्र राजनयिक (UN diplomat) से राजनेता बने थरूर की ओर से कांग्रेस के राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों की हाल ही में की गई प्रशंसा उनकी पार्टी नेतृत्व को रास नहीं आई। इस महीने की शुरुआत में थरूर ने केरल में पिनाराई विजयन के नेतृत्व वाली वामपंथी सरकार की व्यापार करने में आसानी और लालफीताशाही को कम करने की नीतियों के लिए प्रशंसा की।
पीएम मोदी की अमेरिका यात्रा का किया था स्वागत
इसके बाद थरूर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका यात्रा और डोनाल्ड ट्रंप के साथ उनकी बैठक के नतीजों का स्वागत किया - यह एक ऐसा रुख था जो कांग्रेस से अलग था। यह घटनाक्रम उस वक्त हुआ है जब थरूर पार्टी में दरकिनार किए जाने से नाखुश हैं। कांग्रेस ने तत्काल इस पर पलटवार किया और पिछले सप्ताह विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दिल्ली में चार बार के सांसद के साथ बंद कमरे में बैठक की।
हालांकि थरूर ने पार्टी छोड़ने की अफवाहों का खंडन किया है, लेकिन उन्होंने कांग्रेस को चेतावनी दी है कि अगर उन्हें उनकी सेवाओं की जरूरत नहीं है तो उनके पास "विकल्प" हैं। उन्होंने कहा, "अगर पार्टी मुझे चाहती है तो मैं वहां रहूंगा। अगर नहीं, तो मेरे पास अपने काम हैं। आपको यह नहीं सोचना चाहिए कि मेरे पास कोई विकल्प नहीं है।"
माकपा ने मौका लपका, दिया ऑफर
इस विवाद के बीच माकपा ने कांग्रेस के दिग्गज नेता की ओर हाथ बढ़ाने में कोई समय बर्बाद नहीं किया, वरिष्ठ नेता थॉमस इसाक ने कहा कि अगर थरूर इस पुरानी पार्टी को छोड़ देते हैं तो वे "केरल की राजनीति में अनाथ नहीं रहेंगे"। याद रहे कि थरूर कांग्रेस के उन 23 नेताओं के समूह का भी हिस्सा थे, जिन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव में हार के बाद पार्टी नेतृत्व में बदलाव की मांग की थी।












Click it and Unblock the Notifications