Dehradun: पॉलीटेंक्निक में खाकी की दबंगई, कॉलेज में घुसकर दरोगा ने शिक्षकों को पीटा, Video वायरल
Dehradun News: देहरादून के पित्थूवाला स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक में एक दरोगा द्वारा कॉलेज परिसर के भीतर घुसकर शिक्षकों के साथ मारपीट और तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। इस घटना का एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस दरोगा महेश कंडवाल शिक्षकों को पीटते और कुर्सियां पटकते हुए साफ नजर आ रहे हैं।
दरोगा का आरोप है कि शिक्षकों ने उनके बेटे के साथ मारपीट की थी, जबकि शिक्षकों का कहना है कि दरोगा का बेटा परीक्षा में नकल कर रहा था और रोकने पर यह पूरी दबंगई दिखाई गई। शनिवार को यह पूरा मामला दिनभर सुर्खियों में बना रहा। आइए जानतें हैं पुलिस प्रशासन की इस मामले में क्या कार्रवाई रही।

नकल बनाम मारपीट: क्या है पूरा विवाद?
यह पूरा मामला दरोगा महेश कंडवाल के पुत्र कबीर कंडवाल से जुड़ा है, जो राजकीय पॉलिटेक्निक में सिविल इंजीनियरिंग तृतीय वर्ष का छात्र है। कॉलेज के शिक्षकों का आरोप है कि 4 जून को बैक पेपर की परीक्षा के दौरान दरोगा का बेटा नकल कर रहा था। जब कक्ष निरीक्षकों ने उसे नकल करने से रोका और टोका, तो उसने इसका विरोध किया। इसके बाद दरोगा जी अपने समर्थकों के साथ कॉलेज परिसर में धमक पड़े और उन्होंने शिक्षकों के साथ अभद्रता करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
दूसरी ओर दरोगा महेश कंडवाल का आरोप है कि परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षकों और अन्य शिक्षकों की मिलीभगत से कुछ छात्रों को नकल कराई जा रही थी। उनके बेटे ने जब इस धांधली का विरोध किया, तो शिक्षकों ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई की, उससे रुपयों की मांग की और उसे कॉलेज में बंधक बनाकर रखा।
पुलिस की निष्पक्षता पर उठे गंभीर सवाल
इंटरनेट मीडिया पर दरोगा की दबंगई का वीडियो वायरल होने और शिक्षकों द्वारा कड़े विरोध के बावजूद, स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने इस मामले में एकतरफा प्राथमिकता दिखाते हुए सबसे पहले दरोगा की तहरीर पर ही मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस ने दरोगा की शिकायत के आधार पर कॉलेज के चार शिक्षकों-प्रभात खंडूरी, पवन कुमार, पीयूष काला और शिवानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वीडियो साक्ष्य सामने होने के बावजूद शिक्षकों पर पहले कार्रवाई होने से पुलिस प्रशासन की निष्पक्षता कटघरे में है।
क्रॉस केस दर्ज, जांच जारी
मामला बढ़ने और दोनों पक्षों के अड़ जाने के बाद, फिलहाल पुलिस ने दोनों ही पक्षों की तहरीर स्वीकार कर ली है। पुलिस ने दोनों ओर से एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल सीसीटीवी फुटेज और कॉलेज में मौजूद गवाहों के बयानों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है, और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।














Click it and Unblock the Notifications