CJP VS BJP: विदेश से चल रही राजनीति? कॉकरोच पार्टी पर BJP का बड़ा हमला, कहा- युवा कठपुतली नहीं हैं
CJP VS BJP: नई दिल्ली में हुए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के कुछ घंटों बाद भाजपा की ओर से पहला और बड़ा रिएक्शन सामने आया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने बिना नाम लिए CJP और उसके संस्थापक अभिजीत दीपके पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग विदेश में बैठकर भारतीय युवाओं को "नकारात्मक राजनीति" की ओर धकेलने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन युवाओं को कठपुतली समझने की भूल ना करें क्योंकि उनको भटकने नहीं दिया जाएगा।
भाजपा अध्यक्ष का यह बयान उस समय आया जब दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी ने अपना पहला बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया। प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा परीक्षा पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग था।

CJP नेताओं ने सरकार को सात दिन का समय दिया। प्रवक्ता आशुतोष रांका ने यह अल्टीमेटम जारी किया। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उन्हें बर्खास्त करना चाहिए। यदि कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन देश भर में फैलेगा।
'देश का युवा डरता नहीं है', अभिजीत दिपके ने जंतर-मंतर से कहा
पार्टी संस्थापक अभिजीत दिपके विशेष रूप से अमेरिका से आए थे। उन्होंने जंतर-मंतर पर युवाओं को संबोधित किया। दिपके ने कहा कि 'देश का युवा डरता नहीं है। उन्होंने युवाओं से निडर होकर सवाल पूछने को कहा। उन्होंने कहा कि वे किसी भी जोखिम के लिए तैयार हैं।'
'विकास, रोजगार और राष्ट्र निर्माण की राजनीति चाहता है युवा'
नितिन नबीन ने कहा कि देश का युवा विकास, रोजगार और राष्ट्र निर्माण की राजनीति चाहता है, लेकिन कुछ लोग सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को भ्रमित कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विदेश में रहने वाले कुछ लोग भारत के युवाओं को नकारात्मक सोच की ओर ले जाने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को CJP संस्थापक अभिजीत दिपके पर हमला माना जा रहा है। दीपके पिछले कुछ समय से अमेरिका में रह रहे थे और हाल ही में भारत लौटे हैं।
कौन है अभिजीत दिपके ?
अभिजीत दिपके महाराष्ट्र के औरंगाबाद (अब छत्रपति सम्भाजीनगर) से हैं। उन्होंने पुणे में पत्रकारिता में स्नातक करने के बाद बोस्टन विश्वविद्यालय से जनसम्पर्क में विज्ञान परास्नातक (मास्टर ऑफ़ साइन्स, एम.एससी.) किया है। 2020 और 2023 के बीच दिपके ने आम आदमी पार्टी (आप) के सामाजिक माध्यम दल के साथ स्वयंसेवक के रूप में कार्य भी किया है।
क्या है कॉकरोच जनता पार्टी?
कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत एक सोशल मीडिया अभियान के रूप में हुई थी। यह आंदोलन युवाओं में बेरोजगारी, परीक्षा घोटालों और सरकारी भर्तियों में देरी जैसे मुद्दों को लेकर तेजी से लोकप्रिय हुआ। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोशल मीडिया पर इसके करोड़ों फॉलोअर्स जुड़ चुके हैं और यह युवा वर्ग के बीच चर्चा का बड़ा विषय बन गया है। दिलचस्प बात यह है कि "कॉकरोच" शब्द को आंदोलन से जुड़े युवाओं ने विरोध के प्रतीक के रूप में अपनाया है।
BJP बनाम CJP: बढ़ती राजनीतिक टकराहट
भाजपा इस आंदोलन को सोशल मीडिया आधारित "नकारात्मक राजनीति" बता रही है, जबकि CJP समर्थकों का दावा है कि वे युवाओं की वास्तविक समस्याओं को सामने ला रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषक नीरज चौधरी का मानना है कि यह टकराव केवल एक प्रदर्शन तक सीमित नहीं है, CJP को केवल मजाक समझकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, क्योंकि यह युवाओं की नाराजगी को दर्शाता है।













Click it and Unblock the Notifications