न्योते के बावजूद पीएम मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में नहीं पहुंचे शरद पवार, इस बात से थे नाराज
नई दिल्ली। राष्ट्रपति भवन में गुरुवार शाम आयोजित समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पीएम नरेंद्र मोदी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में सत्ताधारी दल के नेताओं के अलावा विपक्षी दलों के नेता भी मौजूद रहे। हालांकि, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख शरद पवार पीएम नरेंद्र मोदी व मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हुए और वे मुंबई लौट गए। इसके पीछे कारण शरद पवार को पांचवीं कतार में सीट मिलना बताया जा रहा है।

पांचवीं कतार में सीट मिलने से नाराज थे शरद पवार
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शरद पवार नाराज थे क्योंकि उन्हें गुरुवार शाम राष्ट्रपति भवन में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में पांचवीं पंक्ति में सीट दी गई थी। बाद में शरद पवार की पार्टी की तरफ से इस बाबत जानकारी दी गई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता नवाब मलिक ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि शरद पवार वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता हैं और वे मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं।

एनसीपी के कांग्रेस में विलय की अटकलों को पवार ने किया खारिज
एनसीपी के प्रवक्ता ने बताया कि शरद पवार के कार्यालय कर्मियों ने पाया कि उनके बैठने के लिए जो सीट तय की गई है वह प्रोटोकॉल के मुताबिक नहीं है। इसलिए वे इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। इसके पहले, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शरद पवार के आवास पर मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद एनसीपी के कांग्रेस में विलय की चर्चा तेज हो गई, हालांकि पवार ने इन अटकलों को खारिज कर दिया।

महाराष्ट्र में कांग्रेस के साथ एनसीपी ने मिलकर लड़ा था लोकसभा चुनाव
शरद पवार ने राहुल गांधी के साथ मुलाकात के बाद ट्वीट किया, 'दिल्ली में मेरे आवास पर, हमने आगामी विधानसभा चुनावों और महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति से संबंधित मुद्दे पर चर्चा की। बता दें कि हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा चुनावों में कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन को महाराष्ट्र में करारी हार का सामना करना पड़ा था। महाराष्ट्र में बीजेपी-शिवसेना गठबंधन ने 48 में से 41 सीटों पर कब्जा जमाया था।












Click it and Unblock the Notifications