NCP-SCP Manifesto 2024: शरद पवार ने जारी किया घोषणा पत्र, LPG गैस, पेट्रोल-डीजल के दाम कम करने का वादा
NCP-SCP Manifesto 2024: लोकसभा चुनाव-2024 के लिए एनसीपी-एससीपी ने अपना घोषणा पत्र जारी किया है। इस घोषणापत्र को उन्होंने 'शपथ पत्र' का नाम दिया है। ये चुनावी मेनिफेस्टो एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार ने आज गुरुवार (25 अप्रैल) को पुणे में जारी किया है।

NCP-SCP Manifesto: घोषणा पत्र में किन-किन बातों का जिक्र
एनसीपी-एससीपी नेता जयंत पाटिल ने घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा, ''हम आज अपना घोषणा पत्र जारी कर रहे हैं, घोषणा पत्र में जो मुद्दे शामिल हैं, हमारे नेता इन मुद्दों को संसद में उठाएंगे...हमारा घोषणापत्र 'शपथ पत्र' है। महंगाई बढ़ रही है, किसान खराब स्थिति में हैं, और बेरोजगारी अपने चरम पर है...पिछले 10 सालों में, एजेंसियों का दुरुपयोग और निजीकरण जैसे मुद्दे बढ़ रहे हैं।''
उन्होंने आगे कहा, ''हम पहले ही इन सभी मुद्दों पर अपना रुख व्यक्त कर चुके हैं...हम एलपीजी गैस के दाम, पेट्रोल-डीजल के दाम कम करेंगे। हम सत्ता में आए तो सरकारी नौकरियों में खाली जगह भरेंगे... हम महिला आरक्षण पर भी काम करेंगे... महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त कानून लाये जाएंगे...।''
शरद पवार ने अमित शाह पर कसा तंज
घोषणा पत्र जारी करते हुए शरद पवार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा है। शरद पवार ने कहा, 'पिछले दस सालों में किसानों की आत्महत्याएं बढ़ी हैं...अमित शाह पहले बताएं कि क्या उन्होंने पिछले 10 सालों में आत्महत्याओं को रोकने के लिए काम किया है।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए शरद पवार ने कहा, "देश के प्रधानमंत्री किसी एक जाति या धर्म के नहीं होते, इस बारे में जन जागरूकता की जरूरत है। सांप्रदायिक एकता को तोड़ने की कोशिश की जा रही है।" उनका यह बयान पीएम मोदी की "घुसपैठियों" वाली टिप्पणी के लिए विपक्ष द्वारा आलोचना किए जाने के कुछ दिनों बाद आया है।
शरद पवार ने आगे कहा, "देश में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार चुनावी बॉन्ड में देखने को मिल रहा है। पहले चरण में लोगों की राय बीजेपी विरोधी नजर आ रही है, इसलिए बीजेपी चिंतित है।''












Click it and Unblock the Notifications