पीएम मोदी हमारी ताकत, राहुल गांधी कांग्रेस की कमजोरी हैं: शाहनवाज हुसैन
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शाहनवाज हुसैन ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा सांसद राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी पर तंज कसते हुए हुसैन ने कहा कि हमारे पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं जोकि हमारी ताकत हैं जबकि कांग्रेस के पास राहुल गांधी हैं जोकि कांग्रेस की कमजोरी हैं। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि जनता ने हमे ना सिर्फ स्पष्ट जनादेश दिया है बल्कि अपना आशीर्वाद भी दिया है।

हमारी पार्टी में अल्पसंख्यक दूसरों से ज्यादा
वहीं जब शाहनवाज हुसैन से भाजपा में अल्पसंख्यकों को लेकर सवाल पूछा गया तो इसपर हुसैन ने कहा कि लोगों के बीच में यह भ्रम है कि भारतीय जनता पार्टी में अल्पसंख्यकों की सख्या कम है, जबकि सच्चाई यह है कि भाजपा में किसी भी दूसरी पार्टी से अधिक अल्पसंख्यक हैं। झारखंड चुनाव को लेकर शाहनवाज हुसैन ने कहा कि आज का दिन झारखंड के लिए काफी अहम है।
पीएम की रैली में अपार भीड़
झारखंड में पीएम मोदी की जनसभाओं का जिक्र करते हुए शाहनवाज हुसैन ने कहा कि जिस तरह से जमशेदपुर व खूंटी में पीएम मोदी की जनसभाओं में अपार भीड़ उमड़ी, उससे साफ है कि झारखंड में हम 65 का आंकड़ा पार करेंगे और सरकार बनाएंगे। हुसैन ने कहा कि लोकसभा चुनाव से ठीक पहले भी कुछ दलों ने महागठबंधन बनाकर महाप्रपंच किया था। झारखंड और बिहार में महागठबंधन की बात होती थी, लेकिन यहां महाठबंधन की महाहार हुई।
चुन-चुनकर घुसपैठियों को निकालेंगे
इससे पहले झारखंड में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने राहुल गांधी को निशाने साधते हुए कहा कि राहुल बाबा कहते हैं कि एनआरसी क्यों ला रहे हो और घुसपैठियों को बाहर क्यों निकाल रहे हो। ये लोग कहां जाएंगे, क्या पहनेंगे और क्या खाएंगे। अमित शाह ने कहा कि क्या घुसपैठिए राहुल बाबा के चचेरे भाई लगते हैं। शाह ने कहा कि राहुल गांधी को जो कहना है कहने दीजिए लेकिन मैं आपसे ये कहने आया हूं कि साल 2024 के पहले इस देश से एक-एक घुसपैठिए को चुन-चुनकर देश से बाहर निकालने का काम बीजेपी करेगी।












Click it and Unblock the Notifications