लोकसभा में राहुल गांधी के भाषण पर चली कैंची तो ओम बिरला को लिखा पत्र, बोले- मैं दंग हूं
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार पर जमकर हमला बोला। इस दौरान उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर भी तीखा हमला बोला। जिसको लेकर सदन में भारी हंगामा हुआ।
सदन में राहुल गांधी के भाषण के बाद अब उनके भाषण के कुछ अंश को रिकॉर्ड से हटा दिया गया है। राहुल गांधी ने जिस तरह से हिंदुओं, भाजपा, आरएसएस को लेकर बयान दिया था, उसपर आपत्ति के बाद रिकॉर्ड से हटा लिया गया है।

राहुल गांधी ने इस कार्रवाई के बाद कहा कि मोदी जी की दुनिया में सच्चाई को मिटाया जा सकता है। लेकिन हकीकत में सच्चाई को मिटाया नहीं जा सकता है। जो मैंने कहा और जो मुझे कहना था, मैंने कह दिया है, वह सच्चाई है। अब उन्हें जो मिटाना है मिटाएं।
राहुल गांधी ने ओम बिरला को लिखा पत्र
सदन की कार्रवाई से जिस तरह से राहुल गांधी के बयान को हटाया गया है राहुल गांधी ने स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखकर अपील की है कि उनके बयान के शब्दों को सदन की कार्रवाई से ना हटाया जाए।
राहुल गांधी ने कहा कि मैं दंग रह गया यह जानकार कि मेरे भाषण के कुछ हिस्सों को सदन की कार्रवाई से हटा दिया गया, यह कार्रवाई संसदीय लोकतंत्र के खिलाफ है। हर सांसद का यह अधिकार है कि वह लोगों की आवाज को सदन में उठाए।
90 मिनट के भाषण में जमकर बरसे राहुल
राहुल गांधी ने संसद में 90 मिनट का भाषण दिया था। उन्होंने हिंदू, अग्निवीर समेत तकरीबन 20 मुद्दों पर सरकार को घेरा। लेकिन राहुल गांधी ने जिस तरह से अपने बयान में भाजपा द्वारा अल्पसंख्यकों के साथ गलत बर्ताव करने का आरोप लगाया, उसे सदन की कार्रवाई से हटा दिया गया है।
इन बयानों को मिटाया गया
इसके साथ ही अग्निवीर सेना की नहीं पीएमओ की योजना है, इस बयान को भी रिकॉर्ड से हटा दिया गया है। राहुल गांधी ने कहा कि खुद को हिंदू कहने वाले हिंसा करते हैं, इस बयान को भी कार्रवाई से मिटा दिया गया है।
राहुल ने सदन में भगवान शिव, गुरुनानक, जीसस क्राइस्ट की तस्वीर को दिखाकर कहा कि शिवजी किसी ना डरना और डराना सिखाते हैं। लेकिन राहुल गांधी को स्पीकर ने रोकते हुए कहा कि आप ये नहीं कर सकते हैं। आप सदन में तस्वीरें नहीं दिखा सकते हैं।
पीएम मोदी ने जताई आपत्ति
राहुल गांधी ने जिस तरह से हिंदू को लेकर बयान दिया, उसपर आपत्ति जताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हिंदू समाज को हिंसक कहना गलत है। लेकिन इसपर पलटवार करते हुए राहुल ने कहा कि भाजपा और आरएसएस पूरा हिंदू समाज नहीं है।
अमित शाह और राजनाथ सिंह ने भी राहुल गांधी के बयान पर आपत्ति जताई और कहा कि यह करोड़ों हिंदुओं का अपमान है, राहुल गांधी को अपने बयान पर माफी मांगनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications