तमिलनाडु में बस डिपो की छत गिरने से 8 लोगों की मौत, कई घायल
तमिलनाडु के नागापट्टिनम में शुक्रवार सुबह एक भयानक हादसा हो गया। यहां एक बस डिपो के यात्री विश्राम कक्ष की छत गिरने से 8 लोगों की मौत हो गई।
नई दिल्ली। तमिलनाडु के नागापट्टिनम में शुक्रवार सुबह एक भयानक हादसा हो गया। यहां एक बस डिपो के यात्री विश्राम कक्ष की छत गिरने से 8 लोगों की मौत हो गई। वहीं, कई लोगों के अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका है। राहत एवं बचाव दल की टीम ने 3 लोगों को अभी तक मलबे से निकाला है। पुलिस और प्रशासन की टीम अभी भी राहत कार्य में लगी हुई है। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह हादसा उस वक्त हुआ जब लोग यात्री विश्राम स्थल में बैठकर बसों का इंतजार कर रहे थे। दिवाली से अगला दिन होने के कारण बस स्टेशन पर यात्रियों की काफी भीड़ थी। हादसे के बाद कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक बस डिपो की छत काफी जर्जर अवस्था में थी, पिछले दिनों हुई बारिश के कारण छत और कमजोर हो गई थी।
फिलहाल प्रशासन और पुलिस की टीम बचाव कार्य में लगी हुई है। तीन लोगों को अभी तक मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। हादसे के बाद बस स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल है।