MP News: PM मोदी की 25 साल की सेवा यात्रा के सम्मान में MP में ‘सेवा संकल्प अभियान’, 17 सितंबर को जलेंगे 58 लाख दीपक

मध्य प्रदेश ने प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल की जनसेवा को सम्मानित करने के लिए सेवा संकल्प अभियान की घोषणा की है। इस पहल के तहत, पूरे राज्य में 58 लाख दीये जलाए जाएंगे, जो मोदी के नेतृत्व में कल्याणकारी योजनाओं, विकास उपलब्धियों और समावेशी विकास के प्रति एमपी की प्रतिबद्धता को उजागर करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर मध्यप्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर इस अभियान के तहत उज्जैन स्थित महाकाल महालोक सहित पूरे प्रदेश में 58 लाख आशीर्वाद के दीपक प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

Seva Sankalp marks Modi 25 years

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक की अपनी सार्वजनिक सेवा यात्रा में गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है। दीप प्रज्ज्वलन को प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की सेवा और जिम्मेदारी के प्रति प्रदेशवासियों की ओर से आभार का प्रकटीकरण बताया गया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी सेवा यात्रा शुरू की थी। इसी सेवा यात्रा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मध्यप्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में गरीब कल्याण को शासन संचालन के केंद्र में रखा गया। सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन, आवास, शौचालय, सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में भी मोदी की कार्यशैली में कृषि, उद्योग और निवेश के साथ शासन में गति और परिणाम पर विशेष जोर रहा।

भारत की अर्थव्यवस्था और सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। उनके अनुसार, भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी भूमिका को मजबूत किया है। उन्होंने आंतरिक और बाहरी सुरक्षा को मजबूत करने, आतंकवाद और नक्सलवाद के विरुद्ध कार्रवाई तथा देशवासियों में सुरक्षा और आत्मविश्वास की भावना मजबूत होने का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टार्टअप इंडिया, स्किल डेवलपमेंट, मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों ने युवाओं के लिए नए अवसर और नई दिशा तैयार की है।

स्वच्छ भारत से लेकर आयुष्मान भारत तक योजनाओं का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान ने जनभागीदारी की नई संस्कृति विकसित की है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों के पक्के घर के सपने को गति मिली, जबकि जल जीवन मिशन के जरिए घर-घर नल से जल पहुंचाने का प्रयास किया गया। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, आयुष्मान भारत, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, लखपति दीदी और नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसी पहलों का भी उल्लेख किया।

ऊर्जा क्षेत्र में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के जरिए रूफटॉप सोलर को बढ़ावा देने और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में हुई प्रगति को भी मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया।

MP सरकार ‘सबका साथ-सबका विकास’ के संकल्प पर काम कर रही: CM

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार प्रधानमंत्री मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 85 हजार से अधिक युवाओं की शासकीय सेवाओं में नियुक्तियां की गई हैं। आने वाले समय में हर वर्ष एक लाख से अधिक युवाओं को सार्वजनिक क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, लाड़ली बहना योजना ने महिलाओं के आर्थिक आत्मविश्वास और परिवार में उनकी निर्णयकारी भूमिका को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कृषक कल्याण वर्ष के तहत किए गए नवाचारों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। किसानों को ग्रामीण क्षेत्र की कृषि भूमि के भू-अर्जन पर बाजार दर के चार गुना मुआवजे का निर्णय भी लिया गया है।

MP में निवेश और इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर भी गिनाईं उपलब्धियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश एक वर्ष में सर्वाधिक निवेश लाने वाला देश का तीसरा राज्य बना है। उनके अनुसार, प्रदेश को अब तक लगभग 34 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से लगभग 15 लाख करोड़ रुपये के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। उन्होंने कहा कि रीवा, दतिया और सतना हवाई अड्डों के लोकार्पण के बाद प्रदेश में हवाई अड्डों की संख्या आठ हो गई है।

मुख्यमंत्री ने केन-बेतवा लिंक परियोजना के भूमि-पूजन और पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना के लिए मध्यप्रदेश, राजस्थान और केंद्र सरकार के बीच हुए त्रिपक्षीय समझौते को सिंचाई सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

दो मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र विकसित करने की तैयारी

मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश में दो मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र विकसित होने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इनमें इंदौर-उज्जैन-देवास-धार और भोपाल-सीहोर-रायसेन-विदिशा-ब्यावरा क्षेत्र शामिल हैं। नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में मध्यप्रदेश वर्ष 2030 तक अपनी 50 प्रतिशत ऊर्जा खपत को नवकरणीय स्रोतों से पूरा करने के लक्ष्य पर काम कर रहा है।

पर्यटन और संस्कृति के क्षेत्र में महाकाल महालोक, ओंकारेश्वर, ओरछा, चित्रकूट, अमरकंटक, सांची और खजुराहो को भारत की सभ्यता और संस्कृति के जीवंत केंद्रों के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध CM

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा से प्रेरणा लेते हुए मध्यप्रदेश सरकार विकसित भारत के साथ विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश को विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सेवा और सुशासन के संकल्प के साथ लगातार कार्य किया जा रहा है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+