दिल्ली में प्रीपेड ऑटो और टैक्सी पर अब देना होगा टैक्स, महंगा होगा आपका सफर
नई दिल्ली। दिल्लीवासियों और दिल्ली की यात्रा करने वाले लोगों को मंहगाई को एक और झटका लगने वाला है। इस बार झटका दिल्ली पुलिस ने दिया है। अगर आप दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के प्रीपेड बूथ से अगर ऑटो और टैक्सी बुक करते हैं तो टैक्सी और ऑटो के किराए के अलावा आपको सर्विस टैक्स भी देना पड़ेगा। आपको बता दें कि राजधानी में ट्रैफिक पुलिस द्वारा प्रीपेड आटो व टैक्सी सेवा बूथ संचालित किए जाते हैं।

अगर आप प्रीपेड बूथ से टैक्सी बुक करते हैं तो आपको टैक्सी के किराए के अलावा 15 रुपए अतरिक्त सर्विस शुल्क भी देना पड़ेगा। वहीं अगर ग्राहक ऑटो बुक करते हैं तो उनके लिए दो तरह का सर्विस टैक्स तय किया गया है। अगर कोई यात्री आठ किलोमीटर दूरी तक आटो बुक करता है तो उसे पांच रुपये देने होंगे। अगर आठ किलोमीटर से ज्यादा की दूरी है तो सर्विस टैक्स 10 रुपये रहेगा।
सर्विस टैक्स की ये दरें 15 मार्च से सभी प्रीपेड बूथ पर लागू हो जाएंगी। दिल्ली में करीब दो दर्जन प्रीपेड बूथ हैं। प्रीपेड सेवा एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, अस्पताल जैसी जगहों पर मौजूद होती है। जिसमें दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का जवान मौजूद होता है। अगर किसी स्थान के लिए टैक्सी चाहिए होती है तो आप बूथ पर जाएं और अपने गंतव्य को बताएं।
पुलिसवाला उस जगह के हिसाब से तय किराए के अनुसार पर्ची काट देता है। गंतव्य पर पहुंचने के बाद में टैक्सी चालक को किराया और साथ दी गई एक पर्ची देनी होती है। इससे ग्राहक टैक्सी चालकों के मनमाने किराये से बच जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications