दो महिलाओं की मदद करना वकील को पड़ा महंगा, लूटपाट
नई दिल्ली। कहते हैं जरूरतमंद की मदद करना अच्छा होता है, लेकिन देश की राजधानी दिल्ली में बेहद अजीब मामला सामने आया है। यहां एक वरिष्ठ वकील को दो महिलाओं की मदद करना भारी पड़ गया। न केवल पीड़ित वकील के साथ इन महिलाओं ने लूटपाट किया बल्कि विरोध करने पर जान से मारने और बलात्कार के केस में फंसाने की धमकी भी दे दी।
टीओआई की खबर के मुताबिक पूरा घटनाक्रम मंगलवार रात एक बजे का है जब वरिष्ठ वकील अपनी कार से नारायणा से अपने घर राजा गार्डन जा रहे थे। इसी दौरान राजौरी गार्डन के पास एक फ्लाईओवर पर दो महिलाओं ने वकील से मदद की गुहार लगाई।

वरिष्ठ वकील से लूटपाट
पीड़ित वकील ने बताया कि जैसे ही वह उनके पास पहुंचे महिलाओं ने एक व्यक्ति की ओर इशारा करके कहा कि उनके पीछे गुंडे पड़े हुए हैं। कृपया उन्हें बचा लीजिए। महिलाओं ने वकील से लिफ्ट मांगी और उन्हें किसी भीड़भाड़ वाली जगह पर उतारने की अपील की।
पीड़ित वकील ने आगे बताया कि जैसे ही उन्होंने दोनों महिलाओं को अपनी कार में लिफ्ट दिया उन महिलाओं में से एक ने चाकू निकाल कर वकील के गर्दन पर रख दिया। महिलाओं की इस हरकत से वकील सकते में आ गए। महिलाओं ने कार नहीं रोकने की धमकी देते हुए उनके पास मौजूद नगदी, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड सबकुछ लूट लिया। उन्होंने वकील से सभी कार्ड के पासवर्ड भी उगलवा लिए।
लूटपाट के बाद दोनों महिलाएं एक सूनसान जगह पर उतर गई और अचानक ही कहीं गायब हो गई। इस घटना से सकते में आए वरिष्ठ वकील तुरंत पुलिस थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
'लेडी गैंग' को पकड़ने के लिए पुलिस ने बनाई खास टीम
पुलिस ने बताया कि दिल्ली में महिलाओं के ऐसे गैंग चल रहे हैं। लोगों को इनसे बचकर रहने की जरूरत है। फिलहाल पीड़ित वकील ने मामले की शिकायत दर्ज कराने की हिम्मत जुटाई नहीं तो कई लोग शिकार होने के बाद भी शिकायत के लिए आगे नहीं आते।
पुलिस ने बताया कि इस गैंग पर लगाम के लिए पुलिस टीम ने खास तैयारी की है। महिला पुलिस की खास टीम को इसमें लगाया गया है। साथ ही दिल्ली पुलिस के जवानों को सादी वर्दी में निजी कारों के साथ जगह-जगह पर तैनात किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications