कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और इंदिरा गांधी की हत्या के प्रत्यक्षदर्शी रहे आरके धवन का निधन
नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आरके धवन का दिल्ली में निधन हो गया। वो लंबे समय से बीमार चल रहे थे और उनकी उम्र 81 साल थी। आरके धवन भारत की भूतपूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के निजी सचिव रह चुके थे। इसके अलावा इंदिरा गांधी की हत्या के वे प्रत्यक्षदर्शी रहे थे। आरके धवन ने 2012 में 74 साल की उम्र में विवाह किया था जिसे लेकर खासा चर्चाएं हुई थी।
पंजाब यूनिवर्सिटी से स्नातक आरके धवन 1962 से 1984 तक इंदिरा के निजी सचिव रहे। वह 1990 में राज्यसभा के लिए चुने गए। इसके अलावा वह कई संसदीय समितियों के सदस्य रहे। धवन की पढ़ाई देहरादून और बनारस हिदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में भी हुई थी।
परिवार के करीबी सूत्रों ने बताया कि धवन ने शाम करीब सात बजे बीएल कपूर अस्पताल में अंतिम सांस ली। धवन को बढ़ती उम्र संबंधी परेशानियों के कारण पिछले हफ्ते मंगलवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।