सिल्वरलाइन प्रोजेक्ट का विरोध कर रहे UDF सांसदों के साथ धक्का-मुक्की! दिल्ली पुलिस ने दी सफाई
यूडीएफ के सांसद इस परियोजना के विरोध में दिल्ली के विजय चौक तक विरोध मार्च निकाल रहे थे, जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की।
नई दिल्ली, 24 मार्च: दिल्ली में चल रहे बजट सत्र के दौरान संसद परिसर में गुरुवार को उस वक्त काफी हंगामा देखने को मिला, जब केरल की सिल्वरलाइन सेमी हाई स्पीड रेल कॉरिडोर परियोजना का विरोध कर रहे यूडीएफ के सांसदों की पुलिस के साथ धक्का-मुक्की हो गई। यूडीएफ के सांसद इस परियोजना के विरोध में दिल्ली के विजय चौक तक मार्च निकाल रहे थे, जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। यूडीएफ सांसदों ने पुलिस के ऊपर उनके साथ हाथापाई करने का आरोप लगाया है।

इस मामले का वीडियो यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने भी शेयर किया है। श्रीनिवास बीवी ने लिखा, 'अगर चुने हुए सांसदों के साथ दिल्ली पुलिस का ये रवैया है, तो आम आदमी के साथ क्या बर्ताव होगा, वो कल्पना से भी परे है... शर्मनाक।' वहीं, मामले पर दिल्ली पुलिस की तरफ से भी सफाई दी गई है। दिल्ली पुलिस ने बयान जारी करते हुए कहा, 'हाथापाई जैसी कोई घटना नहीं हुई है। बैरिकेड्स पर मौजूद पुलिस के जवानों ने यूडीएफ के सांसदों को केवल रोकने की कोशिश की, क्योंकि वे लोग चिल्लाते हुए और अपनी पहचान बताए बिना संसद की ओर बढ़ रहे थे।'
'जनविरोधी है के-सिल्वर लाइन परियोजना'
दूसरी तरफ कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने घटना पर बयान देते हुए कहा, 'केरल सरकार की तरफ से लाई गई के-सिल्वर लाइन परियोजना जनविरोधी है। बहुत सारे लोगों को बेदखल होने का डर सता रहा है। केरल आर्थिक तौर पर एक कमजोर राज्य है और इसलिए यह परियोजना राज्य के हित में नहीं है। और, लोगों के विरोध के बावजूद सीएम पिनाराई विजयन इस परियोजना की मंजूरी लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर रहे हैं। हम मांग करते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी केरल के लोगों की चिंता को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री को इस परियोजना को लाने से रोकने की कोशिश करें।'












Click it and Unblock the Notifications