कर्नाटक में भी CM ने किया स्कूलों को खोलने का ऐलान, 23 अगस्त से 9वीं से 12वीं कक्षा के खुलेंगे स्कूल
बेंगलुरु, अगस्त 06। कोरोना महामारी की दूसरी लहर का खतरा अब कई राज्यों में अब ना के बराबर है। ऐसे राज्यों में अब सरकारें स्कूलों को खोलने की योजना पर काम कर रही हैं। इस बीच शुक्रवार को मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने भी स्कूलों को खोलने की घोषणा कर दी है। सीएम ने बताया कि राज्य सरकार 2 चरणों में स्कूलों को खोलेगी। सीएम ने बताया कि एक्सपर्ट के साथ मीटिंग के बाद ये तय किया गया है कि 23 अगस्त से 9वीं से 12वीं तक के स्कूल खोले जाएंगे। उन्होंने बताया कि छात्रों को वैकल्पिक तरीके से स्कूल जाना होगा। इनमें एक हफ्ते में तीन दिन एक बैच जाएगा, जबकि दूसरा बैच बाकि के तीन दिन जाएगा।

8वीं तक के स्कूलों पर फैसला अगस्त के आखिर में
शुक्रवार को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में कोरोना की स्थिति को लेकर हुई मीटिंग में स्वास्थ्य विभाग और शिक्षा विभाग के अधिकारी शामिल हुए। इस मीटिंग में कोरोना की वर्तमान स्थिति, पॉजिटिविटि रेट और केंद्र सरकार के दिशानिर्देशों पर चर्चा की गई। मीटिंग में कक्षा 8वीं तक के स्कूलों को खोलने पर भी चर्चा हुई और तय हुआ कि अगस्त के आखिरी सप्ताह के बाद इस बारे में फैसला लिया जाएगा।
टास्क फोर्स का होगा गठन- बोम्मई
मीटिंग में तय हुआ कि राज्य में कोविड 19 टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा। इसके अलावा राज्य में रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू लगाया जाएगा। इसके अलावा शनिवार और रविवार को संपूर्ण कर्फ्यू रहेगा। इस मीटिंग में सीएम ने कहा कि केरल से सटी सीमाओं पर पुलिस की चौकसी बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा राज्य के अंदर कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराने के लिए पुलिस सख्ती बरते।
कर्नाटक में कोरोना की स्थिति
कर्नाटक में गुरुवार को कोरोना के 1,785 नए मरीज सामने आए थे और 25 मरीजों की मौत हुई थी। कर्नाटक में कोरोना की स्थिति कुछ ज्यादा अच्छी नहीं है। संक्रमण दर में बढ़ोतरी के संकेत देखने को मिल रहे हैं। कर्नाटक सरकार महाराष्ट्र और केरल से आने वाले लोगों के लिए टीकाकरण के बावजूद भी RT-PCR नेगेटिव टेस्ट को अनिवार्च कर चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications