PM Modi: 17 सितंबर को पीएम मोदी करेंगे भुवनेश्वर का दौरा, स्कूल-कॉलेज रहेंगे बंद
PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के कारण 17 सितंबर को भुवनेश्वर में सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। ओडिशा सरकार ने शनिवार को इस फैसले की घोषणा की। इसके अलावा, राजस्व और मजिस्ट्रेट अदालतों सहित सरकारी कार्यालयों में भी सिर्फ हॉफ डे वर्क होगा।
प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान महिला कल्याण पर केंद्रित 'सुभद्रा' योजना का शुभारंभ करने वाले हैं। यह कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से 1 बजे के बीच जनता मैदान में होगा।

सुचारू कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए, कम से कम 50 ओडिशा प्रशासनिक सेवा अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सुरक्षा उपाय और तैयारियां
सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) के जवान पहले ही भुवनेश्वर पहुंच चुके हैं। राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान जनता मैदान को 'नो फ्लाइंग जोन' और 'नो ड्रोन जोन' घोषित कर दिया है। ओडिशा पुलिस ने कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
मुख्य सचिव मनोज आहूजा की अध्यक्षता में तैयारियों की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) भी मौजूद थे। खुर्दा जिला कलेक्टर को कार्यक्रम के लिए आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकारी आदेश और जिम्मेदारियां
एक आधिकारिक आदेश में कहा गया है, "17 सितंबर को भुवनेश्वर के जनता मैदान में 'सुभद्रा' योजना के मेगा लॉन्चिंग के लिए प्रधानमंत्री की ओडिशा यात्रा के दौरान भीड़ प्रबंधन आदि के लिए वरिष्ठ ओएएस अधिकारियों की सेवाएं डब्ल्यू एंड सीडी विभाग को सौंपी गई हैं।" यह निर्देश सामान्य प्रशासन और लोक शिकायत विभाग द्वारा जारी किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications