जान हथेली पर लेकर स्कूल जाते हैं ये बच्चे, अखिलेश ने की मदद
बरेली। ट्विटर के जरिए लोगों की मदद करने के लिए सुषमा स्वराज और सुरेश प्रभू ही नहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी आगे आ गए हैं। अखिलेश यादव ने भी ट्विटर को लोगों की शिकायतें सुनने का एक प्लेटफॉर्म बना लिया है। इसका उदाहरण हाल में ही किए गए एक ट्वीट पर अखिलेश यादव की तरफ से लिया गया एक्शन है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जनहित से जुड़े एक मामले पर शिकायत मिलते ही तुरंत एक्शन लिया। यह मामला बरेली का है, जिसमें नदी पार करने के लिए बच्चे रस्सी के सहारे उसे पार करते हैं। इसकी शिकायत ट्विटर के जरिए ही एक तस्वीर पोस्ट करके की गई थी, जिसमें दिख रहा था कि बच्चे कैसे रस्सी के सहारे नदी पार कर रहे हैं।

जैसे ही मुख्यमंत्री अखिलेश को ये शिकायत मिली तो उन्होंने तुरंत एक्शन लेते हुए उस क्षेत्र के जिलाधिकारी को नदी पर पुल बनाने के आदेश दे दिए। यह मामला बरेली के इज्जतनगर थाने के तहत आने वाले गांव पहाड़गंज का है, जहां पर बच्चों को स्कूल जाने के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। स्कूल जाने के लिए बच्चे रस्सी के सहारे नकटिया नदी को पार करते हैं।
अखिलेश यादव के निर्देश पर जिलाधिकारी बरेली ने पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों को चिट्टी लिखकर काम शुरू करने का आदेश भी दे दिया है। डीएम ने अपनी चिट्ठी में लिखा है कि तत्काल स्थल का निरीक्षण किया जाए और नकटिया नदी पर पुल बनाया जाए। पत्र में उस नदी पर हुए एक पुराने हादसे का उल्लेख भी किया गया है।

पत्र में लिखा है कि समाचार पत्र में छपी खबर के अनुसार गांव वालों ने सीमेंट के खंभों की मदद से जुगाड़ का एक पुल बनाया था। 9 अगस्त 2016 को यह पुल गिरने से एक व्यक्ति की मौत भी हो गई थी। अब बच्चे स्कूल जाने के लिए इस नदी को रस्सी के सहारे पार करते हैं। इस नदी पर जल्द से जल्द पुल बनाने के निर्देश दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications