SC Collegium ने की सिफारिश, सुप्रीम कोर्ट को जल्द मिल सकते हैं पांच और न्यायाधीश, जानिए नाम
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश के बाद जल्द ही देश की सबसे बड़ी अदालत में पांच और न्यायाधीशों की शपथ हो सकती है। जानिए किन जजों को पदोन्नत करने की सिफारिश SC Collegium ने की है।

SC Collegium ने चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता में देशभर के पांच अलग-अलग उच्च न्यायालयों से जजों को सुप्रीम कोर्ट में पदोन्नत करने की सिफारिश की है। समाचार एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक उच्चतम न्यायालय की न्यायाधीश नियुक्ति प्रणाली (SC Collegium) ने जिन प्रदेशों के हाईकोर्ट से न्यायाधीशों को प्रोन्नत करने की सिफारिश की है, इनमें बिहार से दो नाम हैं। राजस्थान हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस का नाम भी शामिल है।
UP और पूर्वोत्तर से भी SC आएंगे न्यायमूर्ति
देश की सबसे बड़ी अदालत में न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति के लिए SC Collegium ने बिहार और राजस्थान के अलावा मणिपुर और उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद हाईकोर्ट से भी जज को पदोन्नत करने की सिफारिश की है। जिन न्यायाधीशों की पदोन्नति की सिफारिश हुई है, उनके नाम और वर्तमान हाईकोर्ट पर एक नजर-
- जस्टिस पंकज मिथल, मुख्य न्यायाधीश, राजस्थान हाईकोर्ट
- जस्टिस संजय करोल, मुख्य न्यायाधीश, पटना हाईकोर्ट (बिहार)
- जस्टिस पीवी संजय कुमार, मुख्य न्यायाधीश, मणिपुर हाईकोर्ट
- जस्टिस अहसानुद्दीन अमानुल्लाह, पटना हाईकोर्ट (बिहार)
- न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा, इलाहाबाद उच्च न्यायालय, उत्तर प्रदेश
6 महीने से कम समय में 7 पद हुए खाली
कॉलेजियम ने जिन पांच जजों को पदोन्नत करने की सिफारिश की है, इनमें उच्च न्यायालयों के तीन मुख्य न्यायाधीश हैं। दो न्यायमूर्ति अलग-अलग हाईकोर्ट में न्यायाधीशों के रूप में कार्यरत हैं। पांचों को उच्चतम न्यायालय में पदोन्नत करने की सिफारिश की गई है। बता दें कि अगस्त, 2022 में सीजेआई एनवी रमना और उनके बाद दो महीने से कुछ अधिक समय के लिए चीफ जस्टिस बने जस्टिस यूयू ललित की रिटायरमेंट के साथ ही गत लगभग 6 महीनों में कई सुप्रीम कोर्ट न्यायाधीश भी सेवानिवृत्ति हुए। इस कारण शीर्ष अदालत में जजों के सात पद खाली हो गए।
सुप्रीम कोर्ट में अधिकतम कितने जज ?
जजों के खाली पदों पर नियुक्ति की कवायद में सोमवार को बॉम्बे हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस दीपांकर दत्ता को शपथ दिलाई गई। कॉलेजियम की सिफारिश के बाद केंद्रीय कानून मंत्रालय में न्याय विभाग ने एक अधिसूचना जारी कर रविवार को न्यायमूर्ति दत्ता को शीर्ष अदालत के न्यायाधीश के रूप में नियुक्त करने की घोषणा की थी। जस्टिस दत्ता की नियुक्ति के बाद अब शीर्ष अदालत में जजों की संख्या बढ़कर 28 हो गई है। मंगलवार को हुई पांच जजों की सिफारिश के बाद भी एक पद रिक्त रहेगा। बता दें कि सर्वोच्च न्यायालय में चीफ जस्टिस (CJI) सहित न्यायाधीशों के कुल 34 पद स्वीकृत हैं।












Click it and Unblock the Notifications