शारदा चिटफंड केस: सीबीआई ने राजीव कुमार को भेजा नोटिस, पेश होने के लिए कहा
नई दिल्ली। शारदा चिटफंड मामले में सीबीआई ने आईपीएस अफसर राजीव कुमार को नोटिस जारी किया है। सीबीआई की ओर से राजीव कुमार को कल (सोमवार) सीबीआई दफ्तर में पेश होने के लिए कहा गया है। नोटिस में कहा गया है कि जांच में पूछताछ के लिए वो सोमवार को कोलकाता के सीबीआई दफ्तर में हाजिर हों। इससे पहले सीबीआई ने राजीव कुमार के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया है।

सीबीआई अधिकारियों ने रविवार को बताया कि कोलकाता के पूर्व पुलिस कमिश्नर राजीव कुमार को देश छोड़ने से रोकने के लिए लुक आउट नोटिस जारी किया गया है। उनके किसी भी संभावित कदम के बारे में एजेंसी को सूचित करने के लिए इस सप्ताह सभी हवाईअड्डों और आव्रजन अधिकारियों को सतर्क किया है। रविवार शाम सीबीआई की एक टीम कोलकाता स्थित कुमार के घर भी पहुंची लेकिन वो घर पर नहीं मिले। सीबीआई राजीव कुमार को कस्टडी में लेकर पूछताछ करना चाहती है।
राजीव कुमार 1989 बैच के अधिकारी हैं। 2,500 करोड़ रुपए के शारदा चिट फंड घोटाले की जांच के लिए 2013 में गठित एसआईटी के आईपीएस राजीव कुमार हेड थे। एसआईटी हेड रहते हुए उन पर घोटालों से जुड़े सबूत मिटाने का आरोप है। इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है। सीबीआई का कहना है कि वह जांच में सहयोग नहीं कर रहे। हालांकि कुमार सभी आरोपों को नकारते रहे हैं।
सीबीआई की टीम इस साल फरवरी में राजीव कुमार से पूछताछ के लिए उनके घर पहुंची थी तो इस दौरान पुलिस ने सीबीआई अफसरों को हिरासत में ले लिया था। पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी सीबीआई की कार्रवाई के विरोध में धरने पर बैठ गईं थी और ये मामला केंद्र सरकार और राज्य में एक टकराव की तरह से बन गया था। शारदा चिटफंड का मामला सुप्रीम कोर्ट में चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications