संजय दत्त के लिए करीबी दोस्त ने लिखी भावुक पोस्ट, कहा- शेर है तू शेर, ये लड़ाई भी जीत लेगा
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त के करीबी दोस्त परेश गिलानी के बारे में बहुत कम ही लोग जानते हैं। लेकिन वह संजय दत्त के बेहद करीबी दोस्त हैं। फिल्म संजू में विक्की कौशल ने जो कमली का किरदार निभाया था, वह परेश गिलानी से ही प्रभावित है। रविवार को गिलानी ने अपने इंस्टाग्राम पर दोस्त संजय दत्त के लिए एक भावुक पोस्ट लिखी है। जब उन्हें पता चला कि उनके दोस्त को फेफड़ों का कैंसर हो गया है, तो उन्हें इस बात पर यकीन ही नहीं हुआ।

हमने बहुत सी चीजें झेली हैं
गिलानी ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा है, 'भाई हमने बहुत सी चीजें झेली हैं, अब एक और लड़ाई के लिए तैयार हो जाओ। अब एक और लड़ाई शुरू हो गई है, तुम्हें इसे जीतना ही है। हम जानते हैं कि तुम साहसी हो और इसे जीत लोगे। शेर है तू शेर, लव यू।' उन्होंने आगे कहा है, 'भाई संजय दत्त, यकीन नहीं होता कि कुछ दिन पहले हम बात कर रहे थे कि हम जिंदगी का अगला दौर कैसे बिताएंगे और हम बात कर रहे थे कि हम कितने खुशनसीब हैं कि हमें घूमने फिरने, जिंदगी में उतार चढ़ाव और एंजॉय करने का मौका मिला है। मुझे अब भी विश्वास है कि हम लकी हैं और मुझे पता है कि आगे आने वाली यात्रा भी खूबसूरत और रंगीन होगी, जैसी अभी तक थी। भगवान हमपर महरबान हैं।'

संजय दत्त ने दी थी ये जानकारी?
आपको बता दें संजय दत्त ने 11 अगस्त को सोशल मीडिया पर इस बात की घोषणा की थी कि वह कुछ समय के लिए काम से ब्रेक ले रहे हैं। संजय दत्त ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा था, मैं मेडिकल ट्रीटमेंट के लिए काम से छोटा-सा ब्रेक ले रहा हूं। मेरा परिवार और दोस्त मेरे साथ हैं और अपने शुभचिंतकों से गुजारिश करता हूं कि चिंता ना करें और गैरजरूरी अंदाजा भी ना लगाएं। आपके प्यार और दुआओं के सहारे मैं जल्द ही वापसी करूंगा। इससे कुछ दिन पहले उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में सांस की तकलीफ के चलते भर्ती भी करवाया गया था।

संजय दत्त को है स्टेज 4 का कैंसर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, संजय दत्त को स्टेज 4 का फेफड़ों का कैंसर हुआ है। वह इसके इलाज के लिए जल्द ही विदेश भी रवाना होने वाले हैं। इस खबर के आने के बाद से ही संजय दत्त का परिवार और इंडस्ट्री के लोग उनके ठीक होने की दुआ मांग रहे हैं। कई सेलिब्रिटी तो उनके घर मुलाकात करने भी पहुंचे हैं।
View this post on InstagramA post shared by Paresh Ghelani (@pareshghelani) on












Click it and Unblock the Notifications