Sanatan Dharma remarks: उदयनिधि स्टालिन और प्रियांक खड़गे पर यूपी के रामपुर में FIR दर्ज
Udhayanidhi Stalin statement hindi: सनातन धर्म को लेकर दिए अपने विवादित बयान पर अब तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन मुश्किलों में घिरते हुए नजर आ रहे हैं। उदयनिधि के खिलाफ यूपी के रामपुर में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
उदयनिधि स्टालिन के अलावा कर्नाटक सरकार में मंत्री और कांग्रेस नेता प्रियांक खड़गे पर भी एफआईआर दर्ज हुई है। प्रियांक खड़गे ने उदयनिधि स्टालिन के बयान का समर्थन करते हुए हिंदू धर्म को लेकर विवादित टिप्पणी की थी।

आपको बता दें कि उदयनिधि स्टालिन और प्रियांक खड़गे के खिलाफ दो वकीलों- हर्ष गुप्ता और राम सिंह लोधी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद दोनों नेताओं के ऊपर एफआईआर दर्ज कर ली गई। दोनों वकीलों ने मीडिया रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए अपनी शिकायत में कहा कि उदयनिधि स्टालिन और प्रियांक खड़गे के बयानों से उनकी भावनाएं आहत हुई हैं।
धारा 153A और 295A के तहत केस दर्ज
पुलिस ने उदयनिधि स्टालिन और प्रियांक खड़गे पर आईपीसी की धारा 153A और 295A के तहत केस दर्ज किया है। एफआईआर दर्ज होने के मामले पर अभी तक उदयनिधि स्टालिन या प्रियांक खड़गे की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
'देश में ऐसे बयानों की कोई जगह नहीं'
यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने इस मामले पर कहा कि अगर किसी की भावनाएं आहत होती हैं, तो वो एफआईआर दर्ज करवा सकता है। लेकिन, उदयनिधि स्टालिन ने जिस तरह का बयान दिया, ऐसे बयानों की इस देश में कोई जगह नहीं है।
'उदयनिधि स्टालिन पर हो सख्त कार्रवाई'
वहीं, मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए यूपी सरकार में मंत्री और भाजपा नेता अनिल राजभर ने कहा, 'चाहे स्टालिन हों या खड़गे, सनातन धर्म को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कभी सफल नहीं होगी। ऐसे बयानों से इन लोगों की मानसिकता उजागर होती है। हमारा देश और मोदी सरकार कभी भी सनातन धर्म को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी शख्स को सहन नहीं करेंगे। उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही हम स्वागत करते हैं उन लोगों का, जिन्होंने प्रियांक खड़गे और उदयनिधि स्टालिन पर एफआईआर दर्ज कराई है।'












Click it and Unblock the Notifications