रंगभेद के खिलाफ आवाज उठाने वाली San Rechal ने की आत्महत्या, पूर्व मिस पुडुचेरी ने सुसाइड नोट में क्या लिखा?
San Rechal: मिस पुडुचेरी रह चुकीं और रैंप व सोशल मीडिया पर अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराने वाली मॉडल सान रेचल की जिंदगी एक दर्दनाक मोड़ पर आकर थम गई। रंगभेद के खिलाफ खुलकर आवाज उठाने वाली और कई ब्यूटी पेजेंट्स में अपनी पहचान बना चुकीं 26 साल की सान ने रविवार को कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।
अपनी खूबसूरती और बेबाक सोच के लिए पहचानी जाने वाली सान की मौत ने फैशन और मनोरंजन जगत को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शुरुआती रिपोर्ट्स में सामने आया है कि आर्थिक और पारिवारिक दबाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया।

अपने पिता से मिलने के बाद घर में खाई गोलियां
पूर्व मिस पुडुचेरी और मशहूर मॉडल सान रेचल ने रविवार को कथित रूप से आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक, 26 वर्षीय सान ने पुडुचेरी के करमानिकुप्पम स्थित अपने घर में ब्लड प्रेशर की गोलियों का ओवरडोज़ ले लिया था। बताया गया कि वह कुछ समय पहले अपने पिता से मिलने गई थीं।
ये भी पढ़ें: कौन थे राजू, जिनकी फिल्म के सेट पर चली गई जान? एक्शन सीन शूट करते हुए हुआ ऐसा कांड
तीन अस्पतालों में हुआ इलाज, नहीं बच पाईं
रेचल को पहले एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें एक प्राइवेट अस्पताल और फिर जवाहरलाल इंस्टीट्यूट ऑफ पोस्टग्रेजुएट मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (JIPMER) में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बोल्ड आवाज और ब्यूटी अवॉर्ड्स से मिली पहचान
सान रेचल ने 2022 में मिस पुडुचेरी का खिताब जीता था। इसके अलावा उन्हें मिस डार्क क्वीन तमिलनाडु और ब्लैक ब्यूटी कैटेगरी में मिस वर्ल्ड जैसे खिताब भी मिल चुके थे। वो रंगभेद के खिलाफ खुलकर बोलती थीं और इंडस्ट्री में स्किन टोन को लेकर होने वाले भेदभाव पर अक्सर सवाल उठाती थीं। उनका असली नाम शंकरप्रिया था।
पारिवारिक और आर्थिक तनाव बना वजह?
पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला है कि सान बीते कुछ महीनों से आर्थिक और पारिवारिक तनाव में थीं। उन्होंने अपने करियर के लिए गहने तक बेच दिए थे। वह अपने पिता से मदद की उम्मीद कर रही थीं, लेकिन उनके पिता ने कहा कि उन्हें अपने बेटे की भी जिम्मेदारी निभानी है।
सुसाइड नोट में कहा- मेरी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है जिसमें साफ लिखा है कि उनकी मौत के लिए कोई भी जिम्मेदार नहीं है। हालांकि, पुलिस ने यह भी बताया कि वह इस बात की जांच कर रही है कि क्या शादीशुदा जिंदगी में कोई तनाव इसकी वजह बना हो।
मामले की जांच जारी
फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। अस्पताल से लेकर पारिवारिक पृष्ठभूमि और करियर संबंधी दस्तावेजों की जांच की जा रही है ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके।
ये भी पढ़ें: भूख हड़ताल और मौन व्रत में रहेंगे अभिनव अरोड़ा, जानिए क्यों गुस्से में हैं बाल संत, क्या है मामला?
आत्महत्या से जुड़ी किसी भी परेशानी में इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें
आसरा (मुंबई): 022-27546669; स्नेहा (चेन्नई): 044-24640050; सुमैत्री (दिल्ली): 011-23389090; कूज (गोवा): 0832-2252525; जीवन (जमशेदपुर): 065-76453841; प्रतीक्षा (कोच्चि): 048-42448830; मैथ्री (कोच्चि): 0484-2540530; रोशनी (हैदराबाद): 040-66202000; लाइफलाइन (कोलकाता): 033-64643267
नोट: अगर आप या आपके जानने वाला कोई व्यक्ति मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो चुप न रहें, मदद लें।












Click it and Unblock the Notifications