76 भारतीय और 41 पाक नागरिकों को लेकर दिल्ली पहुंची समझौता एक्सप्रेस
नई दिल्ली। समझौता एक्सप्रेस 76 भारतीय और 41 पाकिस्तानी नागरिकों को लेकर दिल्ली पहुंच गई है। गुरुवार को पाकिस्तान की तरफ से समझौता एक्सप्रेस को सस्पेंड कर दिया गया था और ट्रेन को अटारी रेलवे स्टेशन पर छोड़कर पाकिस्तानी ड्राइवर और गार्ड, अपने देश लौट गए थे। इसके बाद देर रात 1.30 भारतीय ड्राइवर ट्रेन को अटारी रेलवे स्टेशन से लेकर रवाना हुए थे जो 5 घंटे की देरी से सुबह पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंच गई।

अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान ने वाघा सीमा पर सुरक्षा का हवाला देते हुए ट्रेन को रोक दिया था, जिसके बाद एक भारतीय चालक और गार्ड ने भारत की ओर ट्रेन को बढ़ाया, कई घंटे तक 117 यात्री अटारी बॉर्डर पर ही फंसे रहे थे। दिल्ली और लाहौर को जोड़ने वाली इस ट्रेन सेवा में व्यवधान के बाद ये यात्री अटारी रेलवे स्टेशन पर फंसे रहे।
समझौता एक्सप्रेस और एयर स्पेस को बंद करने के पीछे पाकिस्तान की कोशिश जम्मू-कश्मीर को लेकर फैसले का विरोध जताने की है। इसी के मद्देनजर, पाकिस्तान की इमरान खान सरकार ने समझौता एक्सप्रेस को सस्पेंड करने का फैसला लिया। पाकिस्तान के रेल मंत्री शेख राशिद अहमद ने बताया, 'रेल मंत्रालय की ओर से लिए गए फैसले में समझौता एक्सप्रेस को सस्पेंड कर दिया गया है। यह सप्ताह में दो बार संचालित होती थी। जिन लोगों ने पहले से ही अपने टिकट खरीदे थे, वे अपना पैसा लाहौर डीएस कार्यालय से वापस ले सकते हैं।'
दरअसल, जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने के भारत सरकार के फैसले के बाद पाकिस्तान बौखलाया हुआ है। बुधवार को पाक ने भारत के साथ राजनयिक संबंधों को डाउनग्रेड करने का ऐलान भी किया था। पाकिस्तान सरकार ने अपने उच्चायुक्त को भी भारत से बुलाने का फैसला किया है। पाकिस्तान ने भारत के उच्चायुक्त अजय बिसारिया को वापस भेजने का फैसला किया है, साथ ही भारत के साथ सभी तरह के द्विपक्षीय व्यापारिक संबंध खत्म कर लिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications