NCB में खत्म हुआ समीर वानखेड़े का कार्यकाल, दिल्ली में अब इस महकमे में संभालेंगे जिम्मेदारी
नई दिल्ली, 04 जनवरी। मुंबई क्रूज ड्रग्स मामले में आर्यन खान को गिरफ्तार करने वाले ऑफिसर समीर वानखेड़े का अब एनसीबी में कार्यकाल समाप्त हो गया है। एनसीबी से अलग होने के बाद अब समीर वानखेड़ दिल्ली में राजस्व खुफिया निदेशालय मुख्यालय को रिपोर्ट करेंगे। बता दें कि समीर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के क्षेत्रीय निदेशक के तौर पर सुर्खियों रहे थे। अपने कार्यकाल के दौरान वह शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की गिरफ्तारी समेत कई बॉलीवुड सेलेब्स के मामलों को लेकर चर्चा में रहे।

आर्यन खान से पहले समीर वानखेड़े अपने एनसीबी कार्यकाल में विवेक ओबेरॉय, अर्जुन रामपाल जैसी, भारती सिंह जैसी कई बॉलीवुड और टीवी जगत की हस्तियों पर कार्रवाई को लेकर चर्चा में रहे थे। मुंबई में ड्रग्स कनेक्शन को लेकर उन्होंने दीपिका पादुकोणे, रकुलप्रीत सिंह जैसी अभिनेत्रियों से पूछताछ भी की थी। अब एनसीबी में क्षेत्रीय निदेशक के तौर पर समीर वानखेड़े का कार्यकाल समाप्त हो गया है, उन्हें वापस मूल संगठन डीआरआई यानी राजस्व खुफिया महानिदेशालय में भेज दिया गया है। बीते सोमवार अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह भी पढ़ें: क्रूज केस: एनसीबी दफ्तर नहीं पहुंचे आर्यन, SIT ने पूछताछ के लिए था बुलाया
डीआरआई के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि
वानखेड़े 31 अगस्त, 2020 को राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) से एनसीबी में शामिल हुए थे। उन्हें डीआरआई से एनसीबी द्वारा छह महीने के कार्यकाल के लिए लोन पर लिया गया था और फिर उनके कार्यकाल को छह महीने के लिए बढ़ा दिया गया था। एनसीबी में उन्हें दिया गया अंतिम विस्तार चार महीने के लिए था, जो 31 दिसंबर को समाप्त हो गया। वानखेड़े ने अपने कार्यकाल के दौरान वर्ष 2020 में सुशांत सिंह राजपूत ड्रग केस सहित 28 मामले दर्ज किए और 96 लोगों को गिरफ्तार किया, जिसमें 10 विदेशी नागरिक भी शामिल थे। 2021 में वानखेड़े के तहत एनसीबी-मुंबई ने 117 मामले दर्ज किए और 38 विदेशी नागरिकों सहित 234 लोगों को गिरफ्तार किया। इसमें क्रूज ड्रग केस भी शामिल था जिसमें आर्यन खान को गिरफ्तार किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications