क्रूज केस: एनसीबी दफ्तर नहीं पहुंचे आर्यन, SIT ने पूछताछ के लिए था बुलाया
नई दिल्ली, 7 नवंबर: हाल ही में एनसीबी हेड ऑफिस ने एक बड़ा फैसला लेते हुए समीर वानखेड़े को आर्यन ड्रग्स केस की जांच से हटा दिया था। इसके बाद से इस जांच का जिम्मा एनसीबी की विशेष जांच समिति (SIT) के पास है। एसआईटी ने आर्यन को समन भेजकर जांच के लिए बुलाया था, लेकिन उनको हल्का बुखार है। जिस वजह से वो नहीं पहुंच पाए। हालांकि दूसरे आरोपी अरबाज मर्चेंट और अचित कुमार एनसीबी दफ्तर पहुंचे और एसआईटी के सवालों का जवाब दिया।

इस मामले में आर्यन खान को पिछले महीने के अंत में बॉम्बे हाईकोर्ट से जमानत मिल गई थी। हालांकि कोर्ट ने कई शर्तें आर्यन के सामने रखी हैं। जिसके तहत वो विदेश नहीं जा सकते हैं। इसके अलावा उन्हें हर शुक्रवार को एनसीबी के ऑफिस में हाजिरी लगानी होगी। वहीं सबसे अहम बात है कि आर्यन किसी भी सह आरोपी से मिल नहीं सकते हैं। अगर उन्होंने किसी नियम का उल्लंघन किया, तो उनकी जमानत खारिज कर दी जाएगी।
पद से नहीं हटे हैं समीर
वहीं सोशल मीडिया पर ये खबर वायरल हो रही थी कि समीर वानखेड़े को पद से हटाया गया है। इस पर शनिवार को वानखेड़े ने कहा था कि मैं एनसीबी की मुंबई यूनिट का जोनल डायरेक्टर हूं और रहूंगा। मुझे इस पद से नहीं हटाया गया है। मैंने खुद अनुरोध किया था कि आर्यन मामले की जांच एक केंद्रीय एजेंसी द्वारा की जाए, इसलिए ये अच्छा है कि दिल्ली से एक विशेष जांच दल ने जिम्मा संभाल लिया है।
गवाह ने लगाए थे आरोप
मुंबई क्रूज ड्रग्स में स्वतंत्र गवाह प्रभाकर सेल ने आरोप लगाया था कि बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के बेटे आर्यन को छोड़ने के लिए समीर वानखेड़े की ओर से 25 करोड़ रुपये की मांग की गई थी। इसमें किरण गोसावी उनका साथ दे रहा था। हालांकि किरण को पुराने मामले में महाराष्ट्र पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन सब आरोपों के बाद ही वानखेड़े ने केस से दूरी बना ली।












Click it and Unblock the Notifications