सचिन तेंदुलकर का जादवपुर विश्वविद्यालय से डी लिट की उपाधि लेने से इनकार
कोलकाता। भारत रत्न से सम्मानित पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने कोलकाता की जादवपुर यूनिवर्सिटी से डी लिट की उपाधि से इनकार कर दिया है। यूनिवर्सिटी सचिन को अपने 63वें सालाना कॉन्वोकेशन में सम्मानित करना चाहती थी लेकिन उन्होंने नैतिक कारणों को इसके पीछे बताते हुए उपाधि को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। सचिन ने अपना जवाब यूनिवर्सिटी को भेज दिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सचिन के उपाधि लेने से इनकार करने की बात की पुष्ट की है।

पूर्व भारतीय किक्रेट कप्तान सचिन इससे पहले ऑक्सफर्ड यूनिवर्सिटी, मैसूर यूनिवर्सिटी और राजीव गांधी यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ ऐंड सांइसेज से भी सम्मान लेने से इनकार कर चुके हैं। माना जाता है कि वह बिना मेहनत किए किसी भी दर्जे की उपाधि लेने के हक में नहीं रहे हैं। बीते साल पूर्व क्रिकेटर राहुल द्रविड़ ने भी बेंगलोर यूनिवर्सिटी से मानद डॉक्टरेट लेने से इनकार दिया था।
यूनिवर्सिटी अब सचिन की जगह मशहूर बॉक्सर और सांसद मैरीकॉम को यह सम्मान देगी। सचिन के सम्मान से इनकार के बाद यूनिवर्सिटी ने यह उपाधि बॉक्सर और राज्यसभा की सांसद एमसी मैरीकॉम को देने का फैसला किया है। इसके अलावा अर्थशास्त्री कौशिक बसु और बंधन बैंक के प्रमुख चंद्रशेखर घोष को भी डीलिट की उपाधि से नवाजा जाएगा। यूनिवर्सिटी में ये कार्यक्रम 24 दिसंबर को होने वाला है।












Click it and Unblock the Notifications