सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में लॉरेंस बिश्नोई के भांजे को अजरबैजान में हिरासत में लिया गया
नई दिल्ली, 30 अगस्त। पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के आरोपियों के खिलाफ ना सिर्फ देश बल्कि विदेश में भी कार्रवाई हो रही है। सूत्रों के अनुसार सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मुख्य आरोपी लॉरेंस बिश्नोई के भांजे सचिन बिश्नोई को गिरफ्तार कर लिया गया है। सचिन बिश्नोई को अजरबैजान में हिरासत में ले लिया गया है। गौर करने वाली बात है कि सचिन बिश्नोई देश के बाहर से ही लॉरेंस बिश्नोई के गैंग को चलाता था। जांच एजेंसियों को इस बात की आशंका है कि बिस्नोई गैंग को मूसेवाला की हत्या को अंजाम देने की जानकारी सचिन से ही मिली थी। पुलिस सचिन बिश्नोई को ही मूसेवाला की हत्या का मास्टरमाइंड मान रही है और अपनी जांच भी इसी दिशा में आगे बढ़ा रही है।
Recommended Video

पुलिस के अनुसार सचिन के कहने पर उसके दोस्त संदीप ने सिद्धू मूसेवाला की रेकी की थी। संदीप उर्फ केकड़ा सिद्धू से मिलने के लिए गया था। उसने अपने आप को सिद्धू का फैन बताया था और खुद को उनका फैन बताकर उनसे मिलने के लिए गया था। बता दें कि सिद्धू मूसेवाला की कुछ महीने पहले गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सिद्दू मूसेवाला की हत्या के बाद पुलिस ने इस मामले में एक के बाद एक कई गिरफ्तारियां की थी।
रिपोर्ट के अनुसार सचिन के पास से फर्जी पासपोर्ट भी मिले हैं। सचिन अपना नाम सचिन थापन लिखता है लेकिन पासपोर्ट में उसने अपना नाम तिलक राज टूटेजा लिखा है। सचिन के पिता का नाम शिव दत्त है लेकिन पासपोर्ट में उसने अपने पिता का नाम भीम सेन लिखा था। यही नहीं सचिन ने अपने पासपोर्ट में अपना पता भी फर्जी लिखा है। पासपोर्ट में सचिन ने अपना पता मकान नंबर 330, ब्लॉक-एफ-3, संगम विहार, दिल्ली लिखा है।












Click it and Unblock the Notifications