G-20 Meeting: एस. जयशंकर ने चीनी विदेश मंत्री से की मुलाकात, सीमा विवाद पर हुई चर्चा
G-20 के विदेश मंत्री नई दिल्ली में इकट्ठा हुए हैं। उनके बीच गुरुवार को अहम बैठक हुई। वहीं विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अपने चीनी समकक्ष से मुलाकात की।

G-20 के विदेश मंत्रियों की बैठक नई दिल्ली में हो रही है। इस बीच गुरुवार को भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अपने चीनी समकक्ष किन गैंग से मुलाकात की। इस द्विपक्षीय बैठक में दोनों नेताओं की बातचीत मौजूदा चुनौतियों को दूर करने पर केंद्रित थी। इसके अलावा बैठक में सीमा क्षेत्र के आसपास शांति पर चर्चा की गई। विदेश मामलों के एक्सपर्ट लद्दाख और अरुणाचल प्रदेश में चल रहे विवाद के बीच बैठक को काफी अहम मान रहे हैं।
वहीं बैठक के बाद एस. जयशंकर ने ट्वीट कर लिखा कि आज दोपहर G-20 विदेश मंत्रियों की बैठक के मौके पर चीनी विदेश मंत्री किन गैंग से मुलाकात की। हमारी चर्चा द्विपक्षीय संबंधों, विशेष रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और चुनौतियों पर केंद्रित थी। हमने G-20 एजेंडे के बारे में भी बात की।
गैंग की ये पहली भारत यात्रा
आपको बता दें कि पिछले साल दिसंबर में किन गैंग ने चीनी विदेश मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाली थी। ये उनकी पहली दिल्ली यात्रा है। वहीं लद्दाख विवाद को लेकर भारत और चीन की सीमा ने 17 दौर की बैठकें कीं, जिसमें काफी हद तक विवाद सुलझा। ऐसे में इस बैठक पर दोनों की देशों की नजरें टिकी हुई थीं। वहीं दूसरी ओर चीनी विदेश मंत्री से मिलने से पहले जयशंकर ने अमेरिकी समकक्ष एंटनी ब्लिंकन से बात की। दोनों नेताओं ने इस बैठक में द्विपक्षीय संबंधों, रूस-यूक्रेन युद्ध आदि पर चर्चा की।
एस. जयशंकर ने कही ये बात
वहीं दूसरी ओर विदेश मंत्रियों की बैठक के बाद भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर मीडिया से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रियों ने सभी रूप और अभिव्यक्तियों में आतंकवाद की निंदा की है। उन्होंने माना कि आतंकवाद के सभी कार्य आपराधिक और अनुचित हैं। तेल की बढ़ती कीमतें, खाद्यान और उर्वरकों की बढ़ती कीमतें, उर्वरकों की उपलब्धता ग्लोबल साउथ के लिए गंभीर मुद्दे हैं। कुछ देश पहले से ही कर्ज से जूझ रहे हैं। इस बैठक में हमने ग्लोबल साउथ की चिंताओं पर ध्यान केंद्रित किया।












Click it and Unblock the Notifications