'भारत भाग्यशाली है, मोदी देश के लिए जीते और सांस लेते हैं', PM MODI के मुरीद हुए पुतिन, जमकर की तारीफ
Putin India visit: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने चार साल से अधिक समय बाद भारत की अपनी पहली दो दिवसीय यात्रा गुरुवार शाम को शुरू की। 4 दिसंबर को शाम 7 बजे दिल्ली के पालम हवाई अड्डे पर पुतिन के उतरने पर, प्रधानमंत्री मोदी ने प्रोटोकॉल तोड़ते हुए व्यक्तिगत रूप से रूसी राष्ट्रपति का स्वागत किया। पीएम मोदी ने मुस्कुराते हुए पुतिन से पहले हाथ मिलाया और इसके बाद गले लगाकर उनका अभिनंदन किया।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की और कहा,"भारत भाग्यशाली है कि उसे पीएम मोदी जैसा नेता मिला।

'मोदी भारत के लिए जीते और सांस लेते हैं'
पुतिन ने इंडिया टुडे को दिए इंटरव्यू में कहा, "प्रधानमंत्री मोदी भारत के लिए जीते और सांस लेते हैं," उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा लगाए गए शुल्कों पर पीएम मोदी के रुख की भी सराहना की! पुतिन ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी "दबाव के आगे झुकने वाले नहीं हैं।"
"पीएम मोदी किसी दबाव में झुकते नहीं, डट कर खड़े रहते हैं"
पुतिन ने कहा, "भारत एक महान शक्ति है, कोई अंग्रेजी या ब्रिटिश उपनिवेश नहीं, और सभी को इसे ध्यान में रखना होगा।" उन्होंने भारत-रूस के ऐतिहासिक रक्षा और व्यापार संबंधों पर भी जोर दिया। पुतिन ने कहा कि भारतीय वास्तव में अपने नेता पर गर्व कर सकते हैं क्योंकि "प्रधानमंत्री मोदी ऐसे व्यक्ति नहीं हैं जो आसानी से दबाव के आगे झुकते हों।"
पुतिन ने आगे कहा , " पीएम मोदी का रुख अटल और सीधा है, बिना किसी टकराव के।हमारा लक्ष्य संघर्ष को भड़काना नहीं है; बल्कि, हमारा लक्ष्य अपने कानूनी अधिकारों की रक्षा करना है। भारत भी ऐसा ही करता है।"
"पीएम मोदी से मिलना दिलचस्प होता है"
पुतिन ने मोदी से बातचीत को "बड़ा सुखद" अनुभव बताया और उन्हें "ईमानदारी वाला व्यक्ति" कहा। वह भारत और रूस के बीच आर्थिक सहयोग, रक्षा, मानवीय जुड़ाव व उच्च-प्रौद्योगिकी जैसे व्यापक क्षेत्रों में संबंध मजबूत करने के लिए गहराई से प्रतिबद्ध हैं। उनसे मिलना बहुत दिलचस्प होता है।"
प्रधानमंत्री मोदी की पिछली मास्को यात्रा के दौरान, पुतिन ने याद किया कि उनके बीच "पूरी तरह से दोस्तों जैसी" दिलचस्प बातचीत हुई थी। पुतिन ने बताया, "वह मेरे निवास पर आए, हमने पूरी शाम चाय पीते हुए विभिन्न विषयों पर चर्चा की।"
गौरतलब है कि राष्ट्रपति पुतिन प्रधानमंत्री मोदी के आमंत्रण पर गुरुवार को दो दिवसीय नई दिल्ली दौरे पर पहुँचे। यह यात्रा वैश्विक भू-राजनीतिक उथल-पुथल के बावजूद आठ दशकों पुरानी द्विपक्षीय साझेदारी को मजबूत करने पर केंद्रित है। इसमें रक्षा, व्यापार और प्रौद्योगिकी सहयोग प्रमुख रहेगा।
लगभग तीन महीने पहले, शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के दौरान चीन के तियानजिन में मोदी और पुतिन मिले थे। तब पुतिन ने मोदी को अपनी गाड़ी में सैर कराकर एक प्रतीकात्मक हावभाव दिया, जिसने वैश्विक ध्यान खींचा। यह भू-राजनीतिक तनावों व मॉस्को से भारत के संबंधों को लेकर अमेरिका के टैरिफ दबाव के बीच आया था।












Click it and Unblock the Notifications