पुराने दोस्त रूस ने दिया भारत को भरोसा, पाक की वजह से नहीं होगी अनदेखी
नई दिल्ली। भारत के पुराने रणनीतिक साझीदार रूस ने सोमवार को भारत को भरोसा दिलाया है कि वह कभी भी ऐसा काम नहीं करेगा या ऐसा कोई कदम नहीं उठाएगा जो भारत के लिए नुकसानदेह हो।

रूस ने इस बात को लेकर भी भारत को निश्चिंत रहने को कहा है कि उसकी ओर से फिलहाल पाक को किसी भी तरह के रक्षा उपकरण की आपूर्ति नहीं होगी। आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले रूस ने पाक के साथ एक सैन्य समझौता किया है जिसे लेकर भारत की ओर से आपत्ति जताई गई थी।
पाकिस्तान के साथ एक सैन्य सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर करने के कुछ हफ्तों बाद आज रूस ने कहा कि वह कभी ऐसा कुछ नहीं करेगा जो भारत के सुरक्षा हितों के लिए 'नुकसानदेह' हो। उसने यह भी कहा कि इस समझौते से पाकिस्तान को तत्काल किसी रक्षा उपकरण की आपूर्ति नहीं होने वाली है।
भारत को समय के साथ परखा हुआ साझीदार करार देते हुए रूसी राजदूत एलेकजेंडर कदाकिन ने कहा कि पाकिस्तान के साथ रूस के संबंधों का 'अलग महत्व' है, लेकिन ये रिश्ता नई दिल्ली के साथ संबंधों की कीमत पर नहीं होगा।
कदाकिन ने रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन की भारत यात्रा से पहले संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। पुतिन का भारत दौरा 10 दिसंबर से आरंभ हो रहा है। रूस के राजदूत ने कहा, 'रूस कभी भी ऐसा कुछ नहीं करेगा जिससे भारत की सुरक्षा को नुकसान पहुंचे। भारत मेरे देश का सबसे नजदीकी दोस्त है।'
अफगानिस्तान में रूस के हितों का जिक्र करते हुए कदाकिन ने कहा कि पाकिस्तान के साथ रिश्तों में सुधार से उसे 'वांछनीय कार्रवाई' करने के लिए प्रभावित करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा, 'आपने (भारत) घोषित किया कि आप पाकिस्तान के रिश्ते में सुधार के लिए अधिक संवाद, अधिक संपर्क रखने के लिए तैयार हैं। हम रणनीतिक साझीदार हैं, ऐसे में पाकिस्तान के साथ उस तरह से रिश्ते में सुधार क्यों नहीं कर सकते जैसे भारत करता है। आखिरकार इससे हमें उसे वांछनीय कार्रवाई करने के लिए प्रभावित करने में आसानी होगी।'












Click it and Unblock the Notifications