मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड और टाटा स्ट्राइव के बीच हुआ समझौता, पर्यटन क्षेत्र में युवाओं को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण और रोजगार
मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड और टाटा स्ट्राइव ने होमस्टे संचालकों और स्थानीय युवाओं के कौशल को बढ़ाकर ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दो साल के समझौता ज्ञापन को औपचारिक रूप दिया। यह कार्यक्रम मुख्य आतिथ्य विषयों, होटल स्टाफ प्रशिक्षण और एक संयुक्त प्रमाण पत्र को कवर करता है। इसका उद्देश्य सरकार पर कोई अतिरिक्त वित्तीय बोझ डाले बिना पूरे राज्य में महत्वपूर्ण रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा करना है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड (MPTB) और टाटा स्ट्राइव (Tata STRIVE) के बीच दो वर्ष की अवधि के लिए एक महत्वपूर्ण समझौता (एमओयू) किया गया। इस साझेदारी का उद्देश्य राज्य में ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देना, होमस्टे संचालकों का कौशल विकास करना और पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र में स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना है।

एमओयू पर मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड की ओर से डायरेक्टर (कौशल) डी.पी. सिंह और टाटा स्ट्राइव की ओर से मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमेया वंजारी ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर पर्यटन सचिव एवं मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी भी उपस्थित रहे।
इस पहल के तहत ग्रामीण होमस्टे संचालकों, स्थानीय युवाओं और पर्यटन सेवा प्रदाताओं को विश्वस्तरीय आतिथ्य सेवाओं के अनुरूप प्रशिक्षित किया जाएगा। साथ ही मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम (MPSTDC) के होटलों और निजी होटल उद्योग के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार किया जाएगा। सरकार का मानना है कि इससे ग्रामीण पर्यटन को मजबूती मिलेगी और स्थानीय स्तर पर हजारों युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
पहले चरण में 1,000 हितग्राहियों को मिलेगा प्रशिक्षण
एमओयू के पहले चरण में ग्रामीण पर्यटन और होमस्टे इकोसिस्टम से जुड़े लगभग 1,000 हितग्राहियों को 'पूर्व अधिगम की मान्यता (RPL)' और कौशल उन्नयन (अपस्किलिंग) का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण में शामिल प्रमुख विषय होंगे—
* होमस्टे संचालन
* डिजिटल बुकिंग और OTA प्लेटफॉर्म का उपयोग
* फ्रंट ऑफिस प्रबंधन
* हाउसकीपिंग
* स्थानीय व्यंजन एवं फूड एंड बेवरेज सेवाएं
* पर्यटक मार्गदर्शन (गाइडिंग)
* सुरक्षा और स्वच्छता
* सतत पर्यटन
* राजस्व प्रबंधन
आगामी चरणों में एमपीएसटीडीसी के होटल एवं रिसॉर्ट स्टाफ के लिए रिफ्रेशर प्रशिक्षण और राज्य के युवाओं के लिए आतिथ्य क्षेत्र में विशेष कौशल विकास कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे।
सरकार पर नहीं आएगा अतिरिक्त वित्तीय बोझ
इस समझौते की विशेषता यह है कि प्रशिक्षण संचालन के लिए मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड को टाटा स्ट्राइव को किसी प्रकार का भुगतान नहीं करना होगा। प्रशिक्षण मॉड्यूल तैयार करने, प्रशिक्षकों की उपलब्धता और उनके मानदेय सहित संपूर्ण खर्च टाटा स्ट्राइव वहन करेगा। वहीं, मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड प्रशिक्षण स्थल, प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों के लिए आवास एवं भोजन जैसी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराएगा।
प्रशिक्षण के बाद मिलेगा संयुक्त प्रमाणपत्र
प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रतिभागियों को IHCL–Tata STRIVE और मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड की ओर से संयुक्त रूप से उद्योग-मान्यता प्राप्त प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। इससे प्रशिक्षुओं की व्यावसायिक विश्वसनीयता बढ़ेगी और उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त करने में मदद मिलेगी।


Click it and Unblock the Notifications
