यूपी चुनाव की तैयारी पर आरएसएस ने ली मोदी के मंत्रियों की मीटिंग
आरएसएस और भाजपा में समन्वय बनाने पर रहा मीटिंग का जोर।
नई दिल्ली। अगले साल उत्तर प्रदेश में होने वाले चुनाव के लिए भाजपा के साथ-साथ आरएसएस भी कोई कोर-कसर नहीं बाकी छोड़ना चाहता है। इसी को देखते हुए शुक्रवार को आरएसएस ने मोदी सरकार के 30 मंत्रियों के साथ मुलाकात की है।

भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव में मिली सफलता को अगले साल की शुरुआत में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में भी दोहराना चाहती है। इसके लिए पार्टी ने हाल ही में परिवर्तन यात्रा की भी घोषणा की है। इसके साथ आरएसएस ने भी चुनाव के लिए कमर कस ली है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शीर्ष नेताओं ने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की है। इस बैठक को समन्वय बैठक का नाम दिया गया है।
इस बैठक का उद्देश्य आरएसएस और भाजपा के बीच चुनाव के दौरान समन्वय सुनिश्चित करना है। बताया जा रहा है कि आरएसएस और भाजपा दोनों ही उत्तर प्रदेश में बिहार विधानसभा चुनाव जैसी गलती नहीं दोहराना चाहते, जहां संघ और भाजपा के नेताओं ने एक ही मुद्दे पर अलग-अलग बयान दिए।
खबर के मुताबिक, संघ ने एक गाइडलाइन भी चुनाव के दौरान भाजपा नेताओं के लिए जारी की है। साथ ही ये भी बताया है कि किस तरह से जनता तक सरकार की नीतियां पहुंचाएं।
बैठक की अध्यक्षता आरएसएस के उपप्रमुख दत्तात्रेय होसबोले ने की। गृहमंत्री राजनाथ सिंह तथा वित्तमंत्री अरुण जेटली ने भी इस बैठक में हिस्सा लिया।












Click it and Unblock the Notifications