मणिपुर को मिल सकता है नया मुख्यमंत्री, BJP का केंद्रीय नेतृत्व RSS समर्थित तीसरे विकल्प पर कर रहा विचार
इंफाल, 20 मार्च। भारतीय जनता पार्टी ने हाल ही में पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए चार राज्यों में जबरदस्त जीत दर्ज की है। हालांकि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ एक बार फिर से प्रदेश की कमान संभालेंगे लेकिन बाकी के तीन राज्यों में प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा इसको लेकर सस्पेंस अभी भी बरकरार है। भारतीय जनता पार्टी का शीर्ष नेतृत्व इसपर लगातार मंथन कर रहा है। मणिपुर की बात करें तो यहां एक नहीं बल्कि तीन मुख्यमंत्री पद के दावेदार सामने आए हैं।

रिपोर्ट के अनुसार आरएसएसस समर्थित युमनाम खेमचंद सिंह प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री की रेस में आगे आ गए हैं। खेमचंद सिंह पिछली विधानसभा में विधानसभा स्पीकर थे। उन्हें भाजपा नेतृत्व ने शनिवार को दिल्ली बुला लिया है। खेमचंद के अलावा पार्टी ने मौजूदा मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह को भी दिल्ली बुलाया है। साथ ही मुख्यमंत्री की रेस में शामिल बिस्वजीत सिंह को भी दिल्ली बुलाया गया है। ऐसे में माना जा रहा है कि खेमचंद सिंह मौजूदा मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह और बिस्वजीत सिंह को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। सूत्रों की मानें तो भाजपा नहीं चाहती है कि एन बीरेन सिंह और बिस्वजीत सिंह के बीच तनाव बढ़े, लिहाजा इस टकराव को खत्म करने के लिए पार्टी खेमचंद को प्रदेश का मुख्यमंत्री बना सकती है।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और किरन रिजिजू आज मणिपुर जा रहे हैं और माना जा रहा है कि दोनों मणिपुर के अगले मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान कर सकते हैं। हाल ही में हुए चुनाव में एक बार फिर से पूर्ण बहुमत हासिल करने के बाद भाजपा प्रदेश में लगातार दूसरी बार सरकार बनाने जा रही है। सूत्रों की मानें तो भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने बीरेन सिंह और बिस्वजीत सिंह के साथ लंबी वार्ता की है और उनका पक्ष सुना है।












Click it and Unblock the Notifications