राज्यसभा की कार्यवाही का वीडियो बनाने पर नप गईं कांग्रेस सांसद, सभापति धनकड़ ने पूरे सत्र के लिए निकाला
कांग्रेस सांसद रजनी पाटिल को पूरे सत्र के लिए राज्यसभा से निलंबित कर दिया गया है। उनपर सदन की कार्यवाही का वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के आरोप हैं।

राज्यसभा के सभापति जगदीप धनकड़ ने कांग्रेस सांसद डॉक्टर रजनी अशोक राव पाटिल को पूरे बजट सत्र के लिए सदन से निलंबित कर दिया है। कांग्रेस सांसद पर ऊपरी सदन की कार्यवाही का वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने में संलिप्त होने का आरोप है। सभापति धनकड़ ने इस हरकत को बहुत ही गंभीर मानते हुए यह फैसला लिया है। सभापति ने कहा है कि सदन की कार्यवाही का वीडियो कल ट्विटर पर प्रसारित किया गया था। इससे पहले राज्यसभा में सदन के नेता और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सदस्यों के आचरण को लेकर गंभीर सवाल उठाया था। उन्होंने इसके लिए विपक्ष के नेता से माफी की भी मांग की थी।

कार्यवाही का वीडियो प्रसारित करने के आरोप में कांग्रेस सांसद सस्पेंड
राज्यसभा के सभापति जगदीप धनकड़ ने कांग्रेस सांसद रजनी पाटिल के खिलाफ कार्रवाई के बारे में बताया है कि 'कल ट्विटर पर इस सदन की कार्यवाही का एक वीडियो प्रसारित किया गया था। मैंने इसे बहुत ही गंभीरता से लिया है और जो भी आवश्यकता था, सब किया है। सिद्धांत के तौर पर और संसद की पवित्रता बनाए रखने के लिए किसी बाहरी एजेंसी की भागीदारी मंजूर नहीं की जा सकती है।'
Recommended Video

रजनी पाटिल इस पूरी गतिविधि में संलिप्त- सभापति
राज्यसभा के सभापति के मुताबिक 'रजनी अशोकराव पाटिल इस पूरी गतिविधि में संलिप्त हैं और जो कुछ भी देखा गया है, उसकी वजह से इसने हमारा ध्यान खींचा।' सभापति बोले कि 'पूरे मामले की जांच विशेषाधिकार समिति करेगी............. और डॉक्टर रजनी अशोकराव पाटिल को मौजूदा सत्र के लिए सस्पेंड किया जाता है। ' इससे पहले उन्होंने कहा कि यह पूरा मामला सदन की कार्यवाही से जुड़ा हुआ था। 'मैं उन वरिष्ठ सदस्यों का नाम नहीं लूंगा, जिनके साथ आज सुबह मैंने चर्चा की है। लेकिन, मैनें उन्हें अपने चैंबर में आमंत्रित किया था और पूछा था कि ऐसी परिस्थितियां उत्पन्न होती हैं तो उसका का क्या हल है।'
इससे पहले राज्यसभा में सदन के नेता और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी सदस्यों की हरकतों को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा, 'कल हमने विपक्ष के निकृष्ट बर्ताव की वजह से संसद के ऊपरी सदन और भारत के लोगों की सबसे बड़ी अवमानना देखी। हम राज्यसभा में अपमानजनक व्यवहार के लिए विपक्ष के नेता से माफी की मांग करते हैं।'












Click it and Unblock the Notifications