गुरमेहर कौर के समर्थन में उतरे रॉबर्ट वाड्रा, लिखी फेसबुक पोस्ट
रॉबर्ट वाड्रा ने गुरमेहर के समर्थन में कहा, 'फासीवादी ताकतों के खिलाफ खड़ा होने पर पूरे देश को तुम पर गर्व है।'
नई दिल्ली। दिल्ली के रामजस कॉलेज में वामपंथी छात्र संगठनों और एबीवीपी के बीच हुए टकराव के बाद चर्चा में आई गुरमेहर कौर के समर्थन में रॉबर्ट वाड्रा भी उतर आए हैं। रॉबर्ट वाड्रा ने फेसबुक पोस्ट के जरिए गुरमेहर का समर्थन करते हुए कहा है कि वह उनके साथ हैं। उन्होंने कहा कि वह उन सभी लोगों के साथ हैं जो अपने अधिकारों और अभिव्यक्ति की आजादी की लड़ाई लड़ रहे हैं।

रॉबर्ट वाड्रा ने कहा, 'फासीवादी ताकतों के खिलाफ खड़ा होने पर पूरे देश को तुम पर गर्व है।' वाड्रा ने कहा कि एक शहीद सेना के जवान की बेटी गुरमेहर को सोशल मीडिया पर ट्रोल किया गया, उसे रेप की धमकी दी गई। उन्होंने कहा कि यह बहुत डरावना है कि लोगों ने हिंसा के साथ आपको रेप की धमकी दी।
वहीं, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भी ट्वीट करके गुरमेहर कौर का समर्थन किया है। राहुल गांधी ने लिखा, 'बिना किसी डर के हम अपने स्टूडेंट्स के साथ खड़े हैं। गुस्से में असहिष्णुता और भेदभाव के खिलाफ जहां भी आवाज उठाई जाएगी हर उस जगह एक गुरमेहर कौर होगी।' गुरमेहर कौर पर लगातार एबीवीपी और बीजेपी के नेताओं ने आरोप लगाए हैं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी इस विवाद को लेकर एबीवीपी पर हमला बोला है। ट्विटर पर आशुतोष मिश्रा नाम के एक हैंडल से किए गए ट्वीट के जवाब में केजरीवाल ने यह लिखा। ट्वीट में सवाल उठाया गया था- 'कथित देश विरोधी नारों के समय हर बार ABVP वहां कैसे मौजूद होता है? हर बार देश विरोधी नारों का वीडियो ABVP ही कैसे जारी करता है?' इसके जवाब में केजरीवाल ने लिखा, 'ये देश विरोधी नारे भाजपा/ABVP वाले खुद ही लगवाते हैं।' ये भी पढ़ें- कारगिल में नहीं, कुपवाड़ा में शहीद हुए थे गुरमेहर के पिता












Click it and Unblock the Notifications