मनी लॉन्ड्रिंग केस में पूछताछ के लिए ईडी के दफ्तर पहुंचे रॉबर्ट वाड्रा
नई दिल्ली। सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा आज मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय के दफ्तर पहुंचे हुए हैं। बता दें कि कोर्ट ने 16 फरवरी तक वाड्रा को अंतरिम जमानत दी है। कोर्ट में सुनवाई के दौरान वाड्रा के वकील, वरिष्ठ अधिवक्ता केटीएस तुलसी ने अदालत को बताया था कि वह ईडी द्वारा दायर किए गए मामले में जांच के लिए 6 फरवरी को ईडी के सामने पेश होंगे।

अंतरिम जमानत पर हैं रॉबर्ट वाड्रा
बता दें कि यह मामला वाड्रा के लंदन स्थित 1.9 मिलियन पाउंड की कथित संपत्ति के खरीद से जुड़ा हुआ है। पिछले हफ्ते, दिल्ली की एक अदालत ने वाड्रा को अंतरिम जमानत दी थी और उन्हें ईडी के सामने पेश होने और जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया था। दालत ने ईडी को नोटिस जारी किया था और सुनवाई की अगली तारीख तक वाड्रा की याचिका पर उनका पक्ष मांगा था। कोर्ट ने वाड्रा को एक लाख रुपए के निजी मुचलके पर जमानत दे दिया।

लंदन में संपत्तियों के बारे में एजेंसी को मिली है जानकारी
ईडी ने अदालत को बताया है कि उसे लंदन में वाड्रा की कई संपत्तियों सहित दो घरों, छह फ्लैटों के बारे में जानकारी मिली है। वहीं वाड्रा की ओर से दलील देते हुए उनके वकील ने कहा कि राजनीतिक लाभ उठाने के लिए वाड्रा को निशाना बनाया जा रहा है और उनपर झूठे मुकदमे चल रहे हैं। तो दूसरी ओर से ईडी ने वाड्रा के अंतरिम जमानत का विरोध किया और कहा कि मनोज अरोड़ा, वाड्रा के करीबी सहयोगी से पूछताछ के दौरान, यह पाया गया कि लंदन में पेट्रोलियम अनुबंध के माध्यम से विभिन्न संपत्ति खरीदी गई थी।

दिल्ली में लगे रॉबर्ट वाड्रा के पोस्टर
लोकसभा चुनाव से पहले प्रियंका गांधी की राजनीतिक में एंट्री हो गई है। गुरुवार को प्रियंका गांधी कांग्रेस महासचिव पद पर कार्यभार संभालने जा रही हैं। लेकिन उससे पहले दिल्ली में कांग्रेस दफ्तर के साथ-साथ कई इलाकों में प्रियंका गांधी के पोस्टर लगाए गए। लेकिन इन पोस्टर में प्रियंका के साथ राहुल गांधी और पति रॉबर्ट वाड्रा भी नजर आए। इस पोस्टर पर नारे लिखे गए हैं कट्टर सोच पर नहीं, बल्कि युवा जोश पर यकीन करती है। हालांकि बाद में इस पोस्टर को हटा दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications