दिल्ली: लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने ASI को मारी गोली, लोगों ने नहीं की मदद
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (एएसआई) को बाइक सवार दो बदमाशों ने लूट का विरोध करने पर गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश एएसआई का पर्स लूटकर फरार हो गए। पर्स में 1500 रुपए और जरूरी दस्तावेज थे। गोली एएसआई के पेट में लगी है। राहगीरों ने घायल अवस्था में उन्हें एम्स में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर है। 48 वर्षीय एएसआइ बेदी राम की ड्यूटी हजरत निजामुद्दीन थाने में है और वह परिवार के साथ सीलमपुर इलाके में रहते हैं।

वारदात नॉर्थ डिस्ट्रिक के कोतवाली इलाके में हुई जहां गुरुवार रात ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। वह सिविल वर्दी में थे, पिस्टल भी साथ नहीं थी। रिंग रोड़ से होते हुए जब वह लोहे के पुल के नजदीक पहुंचे, तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें टारगेट किया।बेदी राम को इलाज के लिए एम्स में भर्ती करवाया गया। खून से लथपथ ASI बीच रोड पर वाहन चालकों से मदद मांग रहे थे, लेकिन कोई नहीं रूका।
बेदीराम मदद की गुहार लगाते रहे लेकिन वहां से वाहन गुजरते रहे। इसी बीच वहां से गुजर रहा अंकुर रुक गए। घायल के बारे में पुलिस को जानकारी दी। घायल को एम्स में भर्ती करवाया गया। दरअसल लोहे का पुल व गोल्डन जुबली पार्क के समीप जिस जगह पर वारदात हुई, वहां करीब 200 मीटर इलाके में रोशनी का कोई प्रबंध नहीं है। इस वारदात से कुछ देर पहले ही बदमाशों ने एक अन्य शख्स के साथ लूटपाट कर उसके 50 हजार रुपए और मोबाइल लूट लिया था। उसी ने पुलिस को जानकारी दी कि लुटेरे बुलेट पर सवार थे।
जिस जगह पर वारदात हुई वहां से करीब 150 मीटर की दूरी पर पुलिस पिकअप थी। बावजूद इसके बाइक सवार बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस ने बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए कई टीम बनाई है, जो बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, लेकिन सबसे बड़ी बात ये है कि लालकिले और राजघाट जैसा हाई सिक्योरिटी जोन में बदमाशों ने बेखौफ होकर दिल्ली पुलिस के एएसआई को ही अपना शिकार बना दिया।












Click it and Unblock the Notifications