तेजस्वी यादव के महागठबंधन में शामिल होने के ऑफर पर क्या बोले उपेंद्र कुशवाहा?
Recommended Video

पटना: आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले एनडीए के कुनबे को तोड़ने की कोशिश करते हुए बिहार में सीट शेयरिंग के मुद्दे पर सीधे तौर पर आरएलएसपी नेता और केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा को महागठबंधन में शामिल होने का न्योता दे दिया था। तेजस्वी ने एक के बाद एक कई ट्वीट कर भाजपा पर निशाना भी साधा था। वहीं तेजस्वी यादव के इस ऑफर के बाद उपेंद्र कुशवाहा का जवाब भी आया है।

'किसी भी हालत में बिहार में महागठबंधन का हिस्सा नहीं बनेंगे'
आरएलएसपी नेता उपेन्द्र कुशवाहा ने तेजस्वी के ऑफर पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राजद एनडीए में दरार डालने की कोशिश कर रही है, लेकिन वो एनडीए को छोड़कर किसी भी हालत में बिहार में महागठबंधन का हिस्सा नहीं बनेंगे। राजद पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि लालू यादव की पार्टी बिहार में अपना जनाधार खो चुकी है।
'बिहार में राजद खो चुकी है जनाधार'
उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि बिहार में खोए हुए जनाधार को पाने के लिए राजद इस प्रकार का बयान दे रही है जो कि मेरे लिए कोई मायने नहीं रखता है। देशहित में नरेंद्र मोदी का पीएम बने रहना अच्छा है और वो दूसरी बार भी प्रधानमंत्री बनेंगे।

तेजस्वी यादव ने दिया था ऑफर
इसके पहले तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर कहा था कि, उपेन्द्र कुशवाहा सामाजिक न्याय की धारा से आते है इसलिए उन्हें गोडसे-गोलवलकर और गांधी-अंबेडकर की दो धाराओं में से एक को चुनना होगा। BJP संविधान को ख़त्म कर रही जिससे आरक्षण स्वतः ही समाप्त हो जाएगा। कुशवाहा को संविधान बचाने की लड़ाई में समय रहते उचित निर्णय लेना चाहिए। तेजस्वी ने कहा था कि उपेन्द्र कुशवाहा को हम महागठबंधन में शामिल होने का न्यौता देते है। उन्हें पिछले 4 साल से NDA में उपेक्षित किया जा रहा है और बीजेपी उनके साथ सौतेला व्यवहार कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications