एक दिन के 10 लाख रुपये लेते हैं रिया चक्रवर्ती के वकील सतीश मानशिंदे, संजय दत्त-सलमान की भी कर चुके हैं पैरवी
नई दिल्ली- बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की संदिग्ध मौत के मामले में उनकी पूर्व लीव-इन-पार्टनर रहीं रिया चक्रवर्ती का नाम सबसे विवादास्पद हो चुका है। यह केस जिस भी एंगल से देखा जा रहा है, उसमें सबसे संदिग्ध नाम उन्हीं का बताया जा रहा है। जाहिर है कि रिया चक्रवर्ती पर ऐसे मामले में गंभीर आरोप लगे हैं, जो इस समय देश का सबसे हाई प्रोफाइल केस है और उसकी जांच देश की तीन बड़ी एजेंसियां सीबीआई, प्रवर्तन निदेशालय और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के हाथों में है। जाहिर है कि आरोप जितने गंभीर हैं, रिया को उसके लिए उतने ही बड़े वकील की जरूरत है। उनके वकील सतीश मानशिंदे वैसे ही वकील हैं, जो पहले भी बॉलीवुड और अंडरवर्ल्ड से जुड़े बहुत ही गंभीर और विवादास्पद मामलों में अपने क्लाइंट्स की अदालतों में मदद कर चुके हैं।
Recommended Video

हर तारीख के 10 लाख रुपये लेते हैं मानशिंदे
सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में आरोपी रिया चक्रवर्ती के वकील सतीश मानशिंदे को बॉलीवुड में दिवंगत लॉयर राम जेठमलानी की परछाई कहा जाए तो गलत नहीं होगा। मानशिंदे के नाम बॉलीवुड के अबतक के बड़े विवादास्पद मुकदमों से तो जुड़ा ही रहा है, उनकी फीस भी इतनी है कि उसे बॉलीवुड के स्टार ही चुका सकते हैं। बॉलीवुड लाइफ के मुताबिक हर तारीख पर एक पेशी के वो 10 लाख रुपये की फीस अपने क्लाइंट्स से वसूलते हैं। रिया इतने महंगे वकील कैसे रख रही हैं, यह अलग मुद्दा हो सकता है, लेकिन सतीश मानशिंदे अभिनेता संजय दत्त और सलमान खान से लेकर अंडरवर्ल्ड डॉन तक के लिए पैरवी कर चुके हैं।

संजय दत्त और सलमान खान की भी कर चुके हैं पैरवी
आउटलुक की एक रिपोर्ट के मुताबिक मानशिंदे ने अभिनेता संजय दत्त की 1993 के मुंबई धमाकों में गैर-कानूनी हथियार रखने के मामले में अदालत के सामने उनकी पैरवी की थी। गौरतलब है कि इस केस में संजय दत्त जेल की सजा भी काट चुके हैं। यही नहीं मानशिंदे ने सबसे बड़ा कारनामा 2002 के अभिनेता सलमान खान की एसयूवी से हुए विवादास्पद हादसे में कर दिखाया था। उन्होंने कानून की गिरफ्त से ऐक्टर को बाइज्जत बचा लिया था। उस घटना में मुंबई में फुटपाथ पर सोए हुए लोगों पर सलमान की तेज-रफ्तार एसयूवी चढ़ गई थी, जिसमें वहां पर सो रहे एक शख्स की मौत हो गई थी और 4 लोग जख्मी हो गए थे।

इन विवादास्पद केस में भी रहे हैं वकील
इतना ही नहीं सतीश मानशिंदे ने मुंबई के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट और विवादित पुलिस इंस्पेक्टर दया नायक को भी अदालत में बचाया था। यह मामला आमदनी से ज्यादा संपत्ति जुटाने से जुड़ा था। लेकिन, मानशिंदे के मुकदमों की फेहरिस्त में एक और बड़ा नाम जुड़ा है, जो अंडरवर्ल्ड का है। वह अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन की पत्नी सुजाता निकलजे और मैच-फिक्सिंग के आरोपी सटोरिए शोभन मेहता की भी अदालतों में पैरवी कर चुके हैं।

साधुओं के लिंचिंग केस में उद्धव सरकार के वकील
रिया चक्रवर्ती से पहले सतीश मानशिंदे एक और संदिग्ध मामले पालघर लिंचिंग केस में उद्धव सरकार की ओर से स्पेशल पब्लिक प्रोसेक्युटर नियुक्त हो चुके हैं। इसी साल 16 अप्रैल को लॉकडाउन के दौरान हुई इस घटना में दो साधुओं और उनके ड्राइवर को बच्चा चोर समझकर पुलिस की आंखों के सामने एक भीड़ ने बड़ी ही बेरहमी से पीट-पीट कर मार डाला गया था। महाराष्ट्र के पालघर जिले के गडचिंचले गांव में हुई इस घटना को लेकर बहुत राजनीतिक विवाद हो चुका है और महाराष्ट्र सरकार पर अबतक दोषी पुलिस वालों पर कार्रवाई नहीं करने के आरोप लग रहे हैं। यही नहीं पुलिस की लापरवाही के चलते गिरफ्तार आरोपियों के भी जमानत पर छूटने के आरोप लग चुके हैं।

सुशांत केस में रिया हैं मुख्य आरोपी
बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में उनकी पूर्व लिव-इन-पार्टनर ने जब से सतीश मानशिंदे को अपना वकील नियुक्त किया है, वह सोशल मीडिया पर सुर्खियों में रहे हैं। हालांकि, मानशिंदे इस केस में रिया के खिलाफ लगे आरोपों को पूरी तरह बकवास बता चुके हैं। लेकिन, इस केस में कानूनी तौर पर रिया अभी तक मुख्य आरोपी तो है हीं और अब जिस तरह से सीबीआई की जांच उनके भाई शॉविक चक्रवर्ती और पिता इंद्रजीत चक्रवर्ती तक पहुंच चुकी है, उसकी तफ्तीश से वो कब तक बची रह पाती हैं यह देखने वाली बात है।












Click it and Unblock the Notifications