'सुशांत से मिलने के बाद बिल्कुल बदल गई थी रिया', तीन दोस्तों ने बताई दोनों के रिश्ते की हकीकत!
रिया चक्रवर्ती के तीन ऐसे दोस्त सामने आए हैं, जिन्होंने सुशांत के साथ उनके रिश्तों को लेकर कई अहम बातों की जानकारी दी है
नई दिल्ली। बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत का सच जानने के लिए सीबीआई की टीम पिछले पांच दिनों से मुंबई में जुटी हुई है। सीबीआई अभी तक सुशांत सिंह के निजी स्टाफ नीरज, दिपेश सावंत, उनके चार्टर्ड अकाउंटेंट संदीप श्रीधर और फ्लैटमेट सिद्धार्थ पिठानी से पूछताछ कर चुकी है। माना जा रहा है इन लोगों से पूछताछ के बाद सीबीआई सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती को भी पूछताछ के लिए बुला सकती है। हालांकि अभी तक रिया चक्रवर्ती को लेकर सीबीआई ने कुछ नहीं कहा है। इस बीच रिया चक्रवर्ती के कुछ ऐसे दोस्त सामने आए हैं, जिन्होंने सुशांत के साथ उनके रिश्तों को लेकर कई अहम बातों का खुलासा किया है।

सुशांत ने 2019 में क्यों बदला अपना अपार्टमेंट?
HuffPost की खबर के मुताबिक, रिया के तीन दोस्तों ने अपने नाम गुप्त रखने की शर्त पर दोनों को लेकर कुछ बड़ी जानकारियां दी हैं। इनमें से एक शख्स सुशांत का भी करीबी दोस्त था, जिसने बताया, 'सुशांत की बीमारी को लेकर रिया काफी सीरियस थीं। यहां तक कि रिया ने सुशांत की तबीयत का ध्यान रखने के लिए एक-दो फिल्मों के ऑफर तक ठुकरा दिए थे। सुशांत अपने बाइपोलर डिसऑर्डर की रिपोर्ट को इंडस्ट्री के सामने नहीं लाना चाहते थे। सुशांत को लगता था कि उनका अपार्टमेंट उनकी मानसिक स्थिति के लिए ठीक नहीं है और इसलिए वो इसे छोड़कर 2019 में रिया के साथ एक नए घर में शिफ्ट हो गए।'

'इस वजह से दोनों ने ज्यादातर स्टाफ भी बदल दिया'
रिया के इस दोस्त ने बताया, 'सुशांत सिंह राजपूत पुराना घर छोड़ने के बाद एक ऐसे घर में रहना चाहते थे, जिसकी छत काफी बड़ी हो। 2019 में जब रिया और सुशांत नए घर में शिफ्ट हुए तो उन्होंने अपना ज्यादातर स्टाफ भी बदल दिया। स्टाफ को इसलिए बदला गया, क्योंकि दोनों नहीं चाहते थे कि सुशांत की मानसिक हालत को लेकर किसी तरह की कोई खबर मीडिया में लीक हो।'

'दोनों अक्सर लास्ट मिनट पर आने से मना कर देते थे'
इनमें से रिया के एक दूसरे दोस्त ने बताया, 'इस दौरान सुशांत ने लोगों से मिलना-जुलना भी बंद कर दिया था और दोनों अक्सर लास्ट मिनट पर किसी भी प्रोग्राम को कैंसल कर देते थे। एक दिन रिया ने मुझे ऐसे ही एक प्रोग्राम से ठीक पहले मैसेज किया कि सुशांत की तबीयत ठीक नहीं है और इसलिए वो उसके साथ वहीं रुकना चाहती है। सुशांत की देखभाल करने के लिए रिया ने अपना करियर तक दांव पर लगा दिया। जब आप किसी के प्यार में बहुत ज्यादा डूब जाते हैं तो आप वो सबकुछ महसूस करते हैं, जो आपका पार्टनर महसूस करता है। उसका दर्द आपको अपना दर्द लगने लगता है।'

जुलाई 2019 में रिया ने सुशांत को अपनी फैमिली से मिलवाया
वहीं, रिया चक्रवर्ती के तीसरे दोस्त ने बताया, 'सुशांत से मिलने के बाद रिया में एकदम से बदलाव आ गया था। रिया जो अक्सर अपने दोस्तों से मिले बिना नहीं रह पाती थी, सुशांत से मिलने के बाद ज्यादा से ज्यादा टाइम उसी के साथ बिताने लगी थी। दोनों अपने रिश्ते को लेकर काफी सीरियस थे। जुलाई 2019 में रिया ने सुशांत को अपनी फैमिली से मिलवाया और सब लोग रात को जुहू के आर्मी ऑफिसर्स इंस्टीट्यूट में डिनर के लिए गए। वो लोग वहां डिनर के लिए इसलिए गए थे, क्योंकि रिया के पिता एक रिटायर्ड आर्मी ऑफिसर हैं।'

सुशांत की थेरेपिस्ट सुजैन वॉकर ने क्या बताया
आपको बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत की थेरेपिस्ट सुजैन वॉकर ने एक इंटरव्यू एक दौरान बताया था कि सुशांत को बाइपोलर डिसऑर्डर था। हालांकि सुशांत सिंह राजपूत की फैमिली ने इस बात को सिरे से खारिज किया है कि उन्हें कोई मानसिक बीमारी थी। सुशांत के परिवार ने रिया चक्रवर्ती के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि रिया की नजर सुशांत के पैसे पर थी। सुशांत के पिता का कहना है कि रिया चक्रवर्ती ने ही उनके बेटे को खुदकुशी के लिए उकसाया था।

रिया के साथ ट्रिप पर गए थे सुशांत
गौरतलब है कि सुशांत सिंह राजपूत के केस को लेकर पिछले दिनों जब बिहार पुलिस ने उनके कुक नीरज से पूछताछ की थी, तो उसने भी कुछ बड़े खुलासे किए थे। नीरज मई 2019 से सुशांत सिंह राजपूत के घर में काम कर रहे थे। अपने बयान में नीरज ने बताया था कि सुशांत अक्टूबर 2019 में रिया चक्रवर्ती के साथ यूरोप के टूर पर गए थे और वहां से दिवाली के आसपास वापस आए। सुशांत जब ट्रिप पर जा रहे थे तो पूरी तरह ठीक थे, लेकिन वहां से लौटने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और उसके बाद लगातार उनकी तबीयत खराब रहने लगी।

14 जून को सुशांत सुबह 7 बजे उठे और पानी मांगा
नीरज ने अपने बयान में आगे बताया, 'दिवाली के बाद सुशांत ने अपने पुराने घर को छोड़ दिया और रिया चक्रवर्ती के घर में उनके साथ ही रहने लगे। कुछ समय बाद सुशांत अपने बांद्रा वाले घर में शिफ्ट हो गए, जहां 14 जून को उन्हें फंदे से लटका हुआ पाया गया। 14 जून को वो सुबह 7 बजे उठे थे और उन्होंने पीने के मुझसे ठंडा पानी मांगा, जबकि वो अपने तबीयत खराब के चलते ठंडा पानी नहीं पीते थे।'

मुस्कुराए और अपने रूम में चले गए सुशांत
पुलिस को दिए बयान में नीरज ने कहा, 'रिया मेमसाब ने ठंडा पानी देने के लिए मना किया था, फिर भी मैंने उन्हें नॉर्मल से थोड़ा ठंडा पानी दिया। पानी पीने के बाद वो मुस्कुराए और अपने रूम में चले गए। इसके कुछ देर बाद उन्होंने जूस पिया। बाद में जब मैंने लंच मैन्यू के बारे में पूछने के लिए उनके बेडरूम का दरवाजा खटखटाया तो सुशांत सिंह ने कोई जवाब नहीं दिया। काफी देर तक जब उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया तो लॉक तोड़कर दरवाजा खोला गया और सुशांत अंदर फंदे से लटके हुए मिले।'












Click it and Unblock the Notifications