कोलकाता घटना के विरोध में उतरे अमृतसर मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर, गैरजरूरी सेवाएं आज से ठप
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल में ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप के बाद हत्या मामले को लेकर डॉक्टरों का प्रदर्शन लगातार जारी है। इस घटना के विरोध में अमृतसर मेडिकल स्टूडेंट असोसिएशन ने आज से अनिश्चित काल हड़ताल का ऐलान किया है।
एमएसए की ओर से प्रेस रिलीज में कहा गया है कि कोलकाता में जघन्य अपराध के विरोध में हम सभी इंटर्न और छात्र सभी गैर जरूरी सेवाओं, हॉस्पिटल सेवाओं, ओपीडी, ओटी, वॉर्ड में सेवाओं का बहिष्कार करते हैं। यह बहिष्कार 16 अगस्त से अगली नोटिस तक जारी रहेगा।

इसके अलावा अमृतसर रेजिडेंट डॉक्टर असोसिएशन ने भी कोलकाता की घटना के विरोध में सभी गैर जरूरी सेवाओं,ओपीडी ओटी, वार्ड में सेवाओं को 16 अगस्त से अगले आदेश तक बहिष्कार करने का ऐलान किया है।
दिल्ली में रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन और नर्सिंग अधिकारी भी आज कोलकाता में शर्मनाक घटना के बाद न्याय की मांग को लेकर संयुक्त विरोध प्रदर्शन करने वाले हैं। बता दें कि यह घटना 9 अगस्त को आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में हुई थी, जिससे पूरे देश में आक्रोश फैल गया था।
गुरुवार रात को नई दिल्ली के वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज और सफदरजंग अस्पताल के डॉक्टरों और नर्सिंग अधिकारियों ने कैंडल मार्च निकालकर अपना समर्थन जताया। एकजुटता के इस कदम का उद्देश्य कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में हो रहे विरोध प्रदर्शन का समर्थन करना था।
एम्स रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (आरडीए) ने घोषणा की कि दिल्ली भर के विभिन्न आरडीए के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय के बाद 16 अगस्त को एक संयुक्त विरोध मार्च निकाला जाएगा। मार्च निर्माण भवन से दोपहर 2 बजे शुरू होने वाला है।
भारतीय चिकित्सा संघ (IMA) ने देशव्यापी हड़ताल की घोषणा की है। IMA के बयान में कहा गया है कि कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में हुए क्रूर अपराध और स्वतंत्रता दिवस (बुधवार की रात) की पूर्व संध्या पर प्रदर्शनकारी छात्रों पर की गई गुंडागर्दी के बाद, भारतीय चिकित्सा संघ ने 17 अगस्त को सुबह 6 बजे से रविवार 18 अगस्त को सुबह 6 बजे तक 24 घंटे के लिए आधुनिक चिकित्सा के डॉक्टरों द्वारा देश भर में सेवाएं बंद रखने की घोषणा करता है।












Click it and Unblock the Notifications