पीएम नरेन्द्र मोदी से मिले अमेरिकी विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन, आतंकवाद के खात्मे और अफगानिस्तान में शांति कायम करने पर हुए चर्चा
Recommended Video

नई दिल्ली। बुधवार को भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के साथ अमेरिकी विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन की मुलाकात के बाद वह पीएम नरेन्द्र मोदी से मिले। पीएम मोदी से मुलाकात के दौरान दोनों में कई मुद्दों पर चर्चा हुई। दोनों ने खास तौर पर आतंकवाद को खत्म करने और अफगानिस्तान में शांति कायम करने को लेकर चर्चा की। इतना ही नहीं, दोनों ने भारत और अमेरिका के आपसी संबंधों को मजबूत बनाने और द्विपक्षीय व्यापारिक रिश्तों को बढ़ाने पर भी जोर दिया। चर्चा के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि भारत और अमेरिका की पार्टनरशिप सिर्फ आपसी फायदे के लिए नहीं है, बल्कि इसके और भी सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहे हैं।

इससे पहले जब टिलरसन सुषमा स्वराज से मिले थे, तब स्वराज ने भी उनके सामने पाक समर्थित आतंकवाद का मुद्दा उठाया था। माना जा रहा है कि टिलरसन के इस दौरे का मकसद भारत और अमेरिका के बीच संबंधों को मजबूती देने के साथ-साथ एशिया-प्रशांत महासागर क्षेत्र में चीन के बढ़ते असर को काउंटर करना भी है।
पाकिस्तान पर साधा था निशाना
इससे पहले रेक्स टिलरसन ने काबुल में पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए उसे एक अहम सलाह भी दी थी। उन्होंने पाकिस्तान को उसके देश में पनाह ले रहे आतंकी समूहों से निपटने के लिए कहा था और अपनी स्थिति को भी साफ करने की बात कही थी। उन्होंने यह भी कहा था कि हम पाकिस्तान के साथ मिलकर एक सुरक्षित पाकिस्तान बनाने के लिए काम करना चाहते हैं।
भारत की तारीफ
टिलरसन ने भारत की तारीफ करते हुए कहा था- हमें भरोसा है कि अफगानिस्तान में शांति स्थापित करने में भारत बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा। भारत पहले ही भविष्य के अफगानिस्तान के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक गतिविधियां कर रहा है। इस तरह जहां एक ओर पाकिस्तान पर टिलरसन ने निशाना साधा, वहीं दूसरी ओर भारत की तारीफ भी की।












Click it and Unblock the Notifications