Republic Day: गणतंत्र दिवस पर परेड में शामिल होंगे 51 एयरक्राफ्ट, इस बार पहली बार और क्या सब देखने को मिलेगा?
दिल्ली में कर्तव्य पथ पर हर साल आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस परेड को देखने दिल्ली ही नहीं देशभर से लोग पहुंचते हैं। इस बार गणतंत्र दिवस समारोह की परेड में भारतीय एयरफोर्स के 51 एयरक्राफ्ट शामिल होंगे।
इस बार कर्तव्य पथ पर 75वें गणतंत्र दिवस की परेड में महिलाओं को केंद्र में रखा जाएगा। आपको बता दें कि इस गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार अग्निवीर सैनिक और तीनों सेनाओं की महिला सैनिक हिस्सा बन रही हैं।

इस बार फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन गणतंत्र दिवस परेड के मुख्य अतिथि हैं। परेड में फ्रांस का 95 सदस्यीय मार्चिंग दस्ता और 33 सदस्यीय बैंड भी हिस्सा लेगा। फ्लाई-पास्ट में भारतीय वायु सेना के विमानों के साथ-साथ फ्रांसीसी वायु सेना के एक मल्टी रोल टैंकर ट्रांसपोर्ट (MRTT) विमान और दो राफेल विमान भी भाग लेंगे।
इस साल गणतंत्र दिवस का थीम 'नारी शक्ति' है। परेड की शुरुआत 100 महिला कलाकारों द्वारा भारतीय संगीत वाद्ययंत्र बजाने और कर्तव्य पथ पर मार्च करने से होगी।
आपको बता दें कि इस साल आजाद भारत का 75वां गणतंत्र दिवस मनाया जा रहा है। ये गणतंत्र दिवस कई मायनों में खास होगा। सुबह 10 बजे से शुरू होने वाली इस परेड में कई नजारे पहली बार देखने को मिलेंगे।
इस पार नारी शक्ति थीम होने की वजह से कई वुमन लीडरशिप वाले दल भाग ले रहे हैं, चाहे वह बैंड हो, ट्राई-सर्विस हो, ये पहली बार भाग ले रहा है। गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार सभी महिलाओं की ट्राई-सर्विस टुकड़ी हिस्सा लेगी। ट्राई-सर्विस की टुकड़ी का नेतृत्व भारतीय सेना की कैप्टन शरण्या राव करेंगी।
इस बार गणतंत्र दिवस के फ्लाई-पास्ट में भारतीय एयरफोर्स के 51 एयरक्राफ्ट शामिल होंगे। इनमें 29 फाइटर प्लेन, 7 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट, 9 हेलिकॉप्टर और एक हेरिटेज एयरक्राफ्ट शामिल होगा। इन्हें 6 अलग-अलग बेस से ऑपरेट किया जाएगा। परेड में पाकिस्तान पर 1971 की जीत के प्रसिद्ध तांगेल एयरड्रॉप का भी स्मरण किया जाएगा।
इस बार गणतंत्र दिवस पर फ्लाईपास्ट में डॉर्नियर एयरक्राफ्ट भी शामिल होंगे। ये एयरक्राफ्ट ट्राएंगल फॉर्मेशन में उड़ते नजर आएंगे। इस फॉर्मेशन में सबसे आगे हेरिटेज एयरक्राफ्ट 'डकोटा' होगा। जबकि पीछे दो डॉर्नियर Do-228 एयरक्राफ्ट होंगे।
इसके साथ ही गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार सी-295 ट्रंसपोर्ट एयरक्राफ्ट दिखेगा।इस बार परेड में लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर और एएलएच ध्रुव हेलिकॉप्टर का हथियारयुक्त संस्करण, जिसे रुद्र के नाम से जाना जाता है, शामिल होंगे।
इस बार विशेष रूप से, डीआरडीओ द्वारा विकसित और सफलतापूर्वक निर्यात किए गए पिनाका रॉकेट सिस्टम और स्वाति रडार को भी प्रदर्शित किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications