Renukaswamy murder case: फोटो ने एक्टर दर्शन की बढ़ाई मुश्किल, बेंगलुरू से बल्लारी जेल किया जाएगा शिफ्ट
Renukaswamy murder case: बेंगलुरु की एक अदालत ने रेणुकास्वामी हत्याकांड के आरोपी अभिनेता दर्शन थुगुदीपा और अन्य को कर्नाटक की अलग-अलग जेलों में ट्रांसफर करने का आदेश दिया है। यह फैसला एक वायरल फोटो और वीडियो के बाद आया है जिसमें दर्शन जेल के अंदर शराब और सिगरेट के साथ वीआईपी ट्रीटमेंट लेते नजर आ रहे हैं।
इस वीडियो में दर्शन को जेल के अंदर पार्क में बैठे हुए दिखाया गया है, उसके साथ अन्य कैदी भी हैं। उनमें विल्सन गार्डन नागा भी शामिल है, जो एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है और काली शर्ट पहने हुए है। इस फुटेज के कारण जेल अधिकारियों पर काफी असर पड़ा है।

बेंगलुरू से बल्लारी जेल किया जाएगा शिफ्ट
अदालत के निर्देश के अनुसार, दर्शन को बेंगलुरु के परप्पना अग्रहारा केंद्रीय कारागार से बल्लारी जेल ले जाया जाएगा। हालांकि, दर्शन की कथित गर्लफ्रेंड और मामले में सह-आरोपी पवित्रा गौड़ा परप्पना अग्रहारा जेल में ही रहेंगी।
फोटो के वायरल होते ही एक्शन में आई सरकार
वायरल तस्वीर के बाद कांग्रेस के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने तुरंत कार्रवाई की। मुख्य जेल अधीक्षक वी शेषमूर्ति और जेल अधीक्षक मल्लिकार्जुन स्वामी समेत नौ जेल अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इस कदम की पुष्टि की।
कर्नाटक सीएम ने सात अधिकारियों को किया सस्पेंड
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने जेल अधिकारियों की विफलता को स्वीकार किया। उन्होंने कहा "संबंधित अधिकारियों की ओर से चूक हुई है। हमने पहले ही सात अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। कुछ और को भी निलंबित किया जाएगा। मैंने गृह मंत्री जी परमेश्वर से कहा है कि वे उस स्थान का दौरा करें और उन लोगों को हटा दें जिन्होंने इसमें मदद की।"
रेणुकास्वामी हत्याकांड क्या है?
रेणुकास्वामी की हत्या केस में दर्शन, पवित्रा गौड़ा और 15 अन्य को गिरफ्तार किया गया था। 33 वर्षीय ऑटो चालक और दर्शन के प्रशंसक रेणुकास्वामी को 9 जून को बेंगलुरु में एक फ्लाईओवर के पास मृत पाया गया था।












Click it and Unblock the Notifications