'PM मोदी ने शूर्पणखा कहा था, केस करूंगी', रेणुका की धमकी पर BJP नेता प्रीति गांधी बोलीं-जिक्र तक नहीं हुआ
Renuka Chowdhury News: कांग्रेस नेता रेणुका चौधरी ने ट्वीट कर दावा किया है कि वह संसद में पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा दी गई 'शूर्पणखा' टिप्पणी को लेकर उनपर मानहानि का मुकदमा दायर करने जा रही हैं।

Renuka Chowdhury Surpanakha controversy: कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ मानहानि का केस करने की बात कही है। रेणुका चौधरी ने कहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी ने उन्हें शूर्पणखा कहा था और वह उनपर मानहानि का केस करेंगी। रेणुका चौधरी ने ये बयान तब दिया जब गुजरात की सूरत की अदालत द्वारा राहुल गांधी को 2019 के 'मोदी सरनेम' मामले में दोषी ठहराए जाने और 2 साल की जेल की सजा सुनाई गई। रेणुका चौधरी की केस वाली धमकी पर कई भाजपा नेताओं ने भी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा नेता प्रीति गांधी ने कहा कि पीएम मोदी ने तो शूर्पणखा का जिक्र तक नहीं किया।

'इस क्लासलेस अहंकारी ने मुझे शूर्पणखा कहा था...'
कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका चौधरी ने पीएम मोदी का एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ''इस क्लासलेस अहंकारी ने मुझे संसद के फ्लोर पर शूर्पणखा कहा था। मैं अब उसके खिलाफ मानहानि का केस करूंगी। देखते हैं अब कितनी तेजी से काम करती हैं ये अदालतें...।''
बता दें कि शूर्पणखा रामायण की एक पात्र हैं और रावण की बहन हैं। वो रामायण में अपनी हंसी के लिए जानी जाती हैं। रेणुका चौधरी का ट्वीट वायरल हो गया है। वीडियो पर मिलियन में व्यूज हैं।

पीएम मोदी ने वीडियो में क्या कहा?
जिस वीडियो को रेणुका चौधरी ने अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल पर शेयर कर ये दावा किया है कि पीएम मोदी ने उन्हें शूर्पणखा है। उस वीडियो में पीएम मोदी कहते हैं, ''मेरी प्रार्थना है, रेणुका जी को कुछ मत कहिए...रामायण सीरियल के बाद ऐसी हंसी सुनने का आज सौभाग्य मिला है।'' रेणुका चौधरी का ये ट्वीट वायरल हो गया है।
बता दें कि ये वीडियो 7 फरवरी 2018 की है, जब राष्ट्रपति के अभिभाषण प्रस्ताव पर PM मोदी अपना पक्ष रख रहे थे। उसी दौरान पीएम मोदी आधार स्कीम पर बोल रहे थे तो रेणुका चौधरी जोर-जोर से हंसने लगी थी। जिसपर तत्कालीन सभापति वेंकैया नायडू ने उन्हें टोका भी था।

BJP नेता प्रीति गांधी ने किया पलटवार
रेणुका चौधरी के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए महाराष्ट्र की भाजपा नेता प्रीति गांधी ने अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर पलटवार किया है। प्रीति गांधी ने लिखा, ''उन्होंने (पीएम मोदी) शूर्पणखा का जिक्र तक नहीं किया। यह वही हैं जो अपने बारे में खुद ऐसा सोच रही हैं।''
भाजपा के दिल्ली से पूर्व विधायक तजिंदर पाल सिंह बग्गा ने रेणुका चौधरी के ट्वीट पर कहा, ''पूरे वीडियो में मोदी जी ने शूर्पणखा का नाम नहीं लिया है। पूरी रामायण में शूर्पणखा ही क्यों मिलती है? शूर्पणखा को आप पर मानहानि का केस करना चाहिए।''
दिल्ली बीजेपी नेता अजय सेहरावत ने ट्वीट कर कहा, ''रेणुका जी आप केस तो कर लो लेकिन ये कैसे साबित करोगे की शूर्पणखा कहा है मोदी जी ने?''
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications